रांची: पुलिस के द्वारा साइबर ठगी को लेकर तमाम तरह के जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद लोग कोई न कोई लालच में फंसकर साइबर ठगों के हाथों अपनी गाढ़ी कमाई गंवा रहे हैं. रांची में दो दिनों के भीतर दो लोगों से अलग-अलग तरीके से लाखों की ठगी कर ली गई.
रांची के होटवार इलाके के रहने वाले अजय गाड़ी को साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर 15.42 लाख रुपए की ठगी कर ली. इस संबंध में अजय ने साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. अजय गाड़ी की ओर से थाने में दिए गए आवेदन में कहा गया कि ऑनलाइन नौकरी का झांसा देकर एक व्यक्ति ने उन्हें टेलीग्राम एप से जोड़ा और 27 जुलाई से दो अगस्त के बीच उन्हें कई टॉस्क दिए गए. साथ ही छोटे मोटो मुनाफा भी दिया गया.
इस बीच बड़ा लाभ देने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम की मांग की गई, जिसके बाद उन्होंने 15 लाख के करीब रुपये ट्रांसफर कर दिया. जैसे ही उन्होंने पैसे दिए, पैसे लेने वाले व्यक्ति ने अपना फोन बंद कर दिया. उन्हें न तो मुनाफा दिया गया और न ही राशि लौटाई गई. इसके बाद वह थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया.
रिफंड का झांसा देकर 95 हजार की ठगी
वहीं, दूसरी तरफ राजभवन के समीप रहने वाले सरोज कुमार से साइबर अपराधियों ने रिफंड का झांसा देकर उनके खाते से 95 हजार रुपए की ठगी कर ली. इस संबंध में सरोज कुमार ने साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
सरोज ने पुलिस को बताया कि एप के जरीए एक ट्रीप को वह कैंसिल कराया था, लेकिन राशि नहीं वापस हुई थी. जिसकी वजह से उन्होंने एक मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो उसने रिफंड का झांसा देकर उनके खाते की जानकारी ली. कुछ देर बाद उनके खाते से दो बार में 95 हजार रुपए की राशि की अवैध निकासी कर ली गई. इसके बाद वह थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया.
दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
इधर, मामला दर्ज होने के बाद साइबर थाने की टीम दोनों ही मामलों की तफ्तीश में जुट गई है. दोनों पीड़ित के द्वारा ठगी के संबंध में जो जानकारियां और कागजात उपलब्ध करवाए गए हैं, उसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है.


