Friday, April 10, 2026

देवघर सदर अस्पताल में डिजिटल 500 एमए एक्स-रे मशीन और हाई एंड कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड मशीन से अस्पताल में ही जटिल जांच हो सकेगी.

Share

देवघर: जिले के सदर अस्पताल को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा लगातार प्रयास जारी है. इसी को लेकर देवघर सदर अस्पताल को अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की सौगात दी गई है. कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी(CSR) मद के तहत देवघर के सदर अस्पताल में डिजिटल 500 एमए एक्स-रे मशीन और कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड मशीन दी गई. अस्पताल को सौगात में मिले इस मशीन का उद्घाटन जिले के उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने किया.

इस अत्याधुनिक मशीन के लगने से पेट, हृदय और नसों की जटिल जांच देवघर सदर अस्पताल में ही संभव हो पाएगी. पहले ऐसे जटिल जांचों के लिए लोगों को प्राइवेट अस्पताल का सहारा लेना पड़ता था. जहां जांच के लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ती थी. लेकिन देवघर सदर अस्पताल में इस मशीन के लगने से उच्च गुणवत्ता वाले जांच मरीजों को सरकारी दर में उपलब्ध हो पाएगा.

मरीजों को महंगे जांच से मिलेगी राहत

उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि जिला प्रशासन का मुख्य लक्ष्य आम जनमानस को उनके अपने शहर में ही उच्च स्तरीय और सस्ती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है. उन्होंने संबंधित स्वास्थ्य अधिकारियों को इन मशीनों के समुचित रखरखाव और संचालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी. उपायुक्त ने सिविल सर्जन को आश्वस्त किया कि आने वाले समय में देवघर सदर अस्पताल में और भी विकास कार्य किए जाएंगे. जिससे समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों को सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके.

जिला समेत संथाल परगना के मरीजों को मिलेगी सुविधा

देवघर सदर अस्पताल में डिजिटल 500 एमए एक्स-रे मशीन और हाई एंड कलर डॉपलर अल्ट्रासाउंड सिस्टम मशीन के आने से सिर्फ जिले वासियों को ही नहीं बल्कि आसपास के कई जिलों के लोगों को राहत मिलेगी. क्योंकि संथाल क्षेत्र के पाकुड़, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका और जामताड़ा जैसे जिलों के लोगों के लिए देवघर ही स्वास्थ्य राजधानी है. ऐसे में देवघर सदर अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनों के आने से गरीब मरीजों को काफी लाभ होगा.

Read more

Local News