Tuesday, April 7, 2026

देवघर में आयोजित प्रवचनकर्ता प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम में बाबा रामदेव पहुंचे.

Share

देवघर: देवभूमि कहे जाने वाले देवघर में बुधवार को भक्ति का सैलाब देखने मिला. प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता प्रदीप मिश्रा और योग गुरु बाबा रामदेव के दर्शन करने के लिए लाखों लोग देवघर के कोठिया मैदान में उमड़ पड़े. बाबा धाम पहुंचने के बाद, योग गुरु रामदेव ने सबसे पहले बैद्यनाथ धाम मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम में शामिल हुए.

प्रदीप मिश्रा के कार्यक्रम के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि भविष्य में प्रदीप मिश्रा सभी बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम होगा और पूरा देश शिवमय हो जाएगा. उन्होंने कहा कि एक तो देवघर भगवान भोलेनाथ की धरती है और दूसरा यहां पर शिव कथा का कार्यक्रम, दोनों के समागम ने देवघर की धरती पर श्रद्धा की बयार ला दी है. प्रदीप मिश्रा का प्रवचन सुनने आए लोगों ने कहा कि सभी को प्रसिद्ध प्रवचनकर्ता प्रदीप मिश्रा को करीब से सुनने की लालसा थी. देवघरवासियों का वह सपना पूरा हुआ.

लोगों की भीड़ को देखकर बाबा रामदेव ने जिला प्रशासन और पुलिस टीम का भी आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि देवनगरी देवघर में अगर शिव कथा का आयोजन हो रहा हो, तो सारी व्यवस्था भगवान शिव स्वयं संभालते हैं. बाबा नगरी में जिस तरह से समिति के सदस्यों और पुलिस प्रशासन ने इतनी बड़ी भीड़ को संभाला है, वह काबिले तारीफ है.

उन्होंने कहा कि लाखों की भीड़ के बावजूद, हर भक्त अनुशासन में बंधा हुआ है. इससे पता चलता है कि देव नगरी में रहने वाले लोग भगवान शिव की पूजा करते हुए सचमुच अनुशासन में बंधे हैं. बाबा रामदेव और उनकी टीम ने प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम सुनने आए लोगों को रोजाना योग करने की सलाह दी. लोगों को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि बाबा नगरी में लोगों की मान्यता है कि “भगवान के चरणों में दो लोटा जल चढ़ाने से सभी समस्याओं का हल हो जाता है. वैसे ही योग करने से शरीर के सभी रोग दूर हो जाते हैं.”

Read more

Local News