रांची: राजधानी में 3 और 4 जनवरी 2026 को आयोजित दूसरी ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का सफलतापूर्वक समापन हो गया. इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों और न्यायिक संस्थानों से जुड़े न्यायाधीशों ने हिस्सा लिया. इस दौरान सभी ने खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया. प्रतियोगिता का आयोजन राजधानी रांची में किया गया, जहां खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी ने आयोजन को यादगार बना दिया.
बॉम्बे हाईकोर्ट के जज ने जीता मुकाबला
पुरुष एकल वर्ग में मुकाबले बेहद रोमांचक रहे. फाइनल मुकाबले में एचएमआई फरहान परवेज दुबाश (बॉम्बे हाईकोर्ट) ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. जबकि एचएमआई बेच्चू कुरियन थॉमस (केरल हाईकोर्ट) उपविजेता रहे. इस स्पर्धा में हिमांशु तेज प्रताप तिवारी (इलाहाबाद हाईकोर्ट) ने तीसरा स्थान हासिल किया. पुरुष एकल के मुकाबलों में खिलाड़ियों की फिटनेस और तकनीकी कौशल देखने लायक रहा.
महिला एकल वर्ग में ओडिशा हाईकोर्ट के जज ने जीता खिताब
महिला एकल वर्ग में भी खिलाड़ियों ने जबरदस्त खेल दिखाया. फाइनल में एचएमजे सावित्री राठो (ओडिशा हाईकोर्ट) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. जबकि एचएमजे रेखा बोराना (राजस्थान हाईकोर्ट) उपविजेता रहीं. इस स्पर्धा में एचएमजे नूपुर भाटी (राजस्थान हाईकोर्ट) ने तीसरा स्थान प्राप्त किया. महिला खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और खेल कौशल की सभी ने सराहना की.
पुरुष युगल का खिताब बॉम्बे हाईकोर्ट ने जीता
पुरुष युगल वर्ग में भी कड़े मुकाबले देखने को मिले. फाइनल मुकाबले में एचएमआई फरहान परवेज दुबाश और एचएमआई सारंग वी कोटवाल (बॉम्बे हाईकोर्ट) की जोड़ी ने शानदार तालमेल के साथ जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया. वहीं इस स्पर्धा में एचएमआई बेच्चू कुरियन थॉमस और राजा व्याराघवन वी (केरल) की जोड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया.
मिक्स्ड डबल्स वर्ग में खिलाड़ियों ने बेहतरीन समन्वय और रणनीति का प्रदर्शन किया. इस वर्ग में एचएमआई वी. नरसिंह और एचएमआई सावित्री राठो की जोड़ी ने फाइनल मुकाबला जीतकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है. जबकि उपविजेता का स्थान एचएमआई रवि चिरानिया और एचएमजे रेखा बोराना (राजस्थान हाईकोर्ट) की जोड़ी को मिला. वहीं एचएमआई फरहान और एचएमजे नूपुर भाटी (राजस्थान हाईकोर्ट) की जोड़ी ने तीसरा स्थान हासिल किया है.
आयोजकों ने दी सभी प्रतिभागियों को बधाई
प्रतियोगिता के समापन समारोह में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना, अनुशासन और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण के लिए बधाई दी. आयोजन समिति ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं न्यायिक अधिकारियों के बीच आपसी संवाद, स्वास्थ्य और खेल संस्कृति को बढ़ावा देती हैं. रांची में आयोजित यह चैंपियनशिप न सिर्फ खेल के लिहाज से सफल रही, बल्कि झारखंड की मेहमाननवाजी और आयोजन क्षमता को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सफल रही.


