धनबाद: दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बोकारो रेंज के सात जिलों की पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने शनिवार को धनबाद में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में धनबाद समेत धनबाद, बोकारो, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा, हजारीबाग और चतरा जिलों की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।
पूजा पंडालों और बाजारों में बढ़ेगी निगरानी
समाहरणालय में हुई बैठक में बोकारो रेंज के डीआईजी आनंद प्रकाश समेत सभी संबंधित जिलों के एसपी मौजूद रहे। आईजी ने दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों, बाजारों और अधिक भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त निगरानी रखने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया। आईजी ने कहा कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
पुराने मामलों के जल्द निपटारे पर जोर
बैठक में लंबित आपराधिक मामलों की भी समीक्षा हुई। आईजी ने दो वर्ष और 10 वर्ष से अधिक पुराने मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा पॉक्सो, एनडीपीएस, साइबर अपराध और महिला सुरक्षा से संबंधित मामलों की जांच में तेजी लाने को कहा गया। अदालतों में समय पर फाइनल फॉर्म जमा करने और CCTNS से जुड़ी लंबित प्रविष्टियों को कम करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
संगठित अपराध और नक्सली गतिविधियों की भी समीक्षा
समीक्षा बैठक के दौरान संगठित अपराध और नक्सली गतिविधियों से जुड़े मामलों पर भी चर्चा हुई। पुलिस प्रशासन से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए आईजी ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने को कहा।
थानों के निरीक्षण और विभागीय मामलों पर भी फोकस
आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने थाना स्तर पर नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने की बात कही। इसके साथ ही मालखाना प्रभार के हस्तांतरण से जुड़े मामलों को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से संबंधित पेंशन मामलों और अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति से जुड़े लंबित मामलों का भी जल्द निपटारा करने पर जोर दिया गया।
BHARATSUPERFASTNEWS
