दुमका: पुलिस ने दुमका जिले में चार दिन पूर्व वृद्ध दंपति की हत्या का खुलासा किया है. एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने बताया कि दामाद ने ही पैसों के लालच में आकर सास ससुर को मौत के घाट उतारा था.
दरअसल, चार दिन पूर्व दुमका जिले के चोरकट्टा गांव निवासी वृद्ध दंपति नवगोपाल साहा और पत्नी विभू साहा का खून से सना शव उनके घर से बरामद हुआ था. शव को सबसे पहले वृद्ध दंपति के बेटे अजय साहा ने देखा था. अजय अपने ससुराल गोड्डा गया हुआ था लेकिन जब वह वापस घर लौटा तो उसने देखा कि उसके मां- बाप का शव खून से सना पड़ा हैं. जिसके बाद पीड़ित अजय साहा ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू की. मृतक घर में किराने की दुकान चलाते थे और हाल में उन्होंने कुछ जमीन बेची थी, जिससे उन्हें अच्छी खासी राशि प्राप्त हुई थी.
एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि जब पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की तो मृतक का मोबाइल गायब था. जब उसके मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकल गई तो आखिर कॉल उसके छोटे दामाद सुबल साहा से मिली. दरअसल दामाद सुबल साहा, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले का निवासी है और वह सास – ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल भी हुआ था.
जब पुलिस ने उससे पूछा कि ससुर को कहां से फोन किया था? तो उसने कहा कि उसने बीरभूम से कॉल किया था. उसने पुलिस को यह भी बताया कि वह काफी समय से दुमका नहीं आया है. जिसके बाद दुमका पुलिस ने जांच में पाया कि दामाद ने ससुराल यानी चोरकट्टा गांव के बाहर से ही फोन किया था. जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को शक के आधार पर हिरासत में लिया और उससे सख्ती से पूछताछ की. जिसके बाद आरोपी दामाद ने पुलिस के सामने हत्या का राज उगल दिया.
आरोपी दामाद ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि 19 अगस्त की रात में उसने हत्याकांड को अंजाम दिया था. हत्या के बाद आरोपी सास की सोने की चेन, अंगूठी और अन्य आभूषण लेकर भी फरार हो गया था, जिसे बाद में पुलिस ने आरोपी के घर से सोने की देवर बरामद किए हैं. इतना ही नहीं आरोपी ने ससुर का मोबाइल तालाब में फेंक दिया था ताकि किसी के हाथ सबूत हाथ नहीं लग सके. पुलिस ने आरोपी दामाद की निशानदेही पर तालाब से मोबाइल और हत्या के समय प्रयुक्त शर्ट को भी बरामद किया है.
मृतक नवगोपाल साहा की दो बेटी और एक बेटा है. बड़ी बेटी की शादी दुमका में ही हुई है. जब छोटे दामाद को पता चला कि ससुर ने बड़े दामाद को घर बनाने के लिए पैसों की मदद की है तो छोटा दामाद सुबल साहा भी ससुराल पहुंच गया और उसने ससुर से ट्रक के नये पहिये खरीदने के लिए पैसों की मांग की. लेकिन जब ससुर ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया तो दामाद गुस्से से लाल हो गया और ईंट से ससुर पर हमला कर दिया. जिससे ससुर की मौत हो गई. जब सास दौड़कर पति को बचाने पहुंची तो दामाद ने उसकी भी हत्या कर दी.
जांच पड़ताल में सामने आया है कि मृतक ससुर नवगोपाल छोटे दामाद सुबल साहा को पसंद नहीं करता था. इसकी वजह यह थी कि ससुर ने सुबल साहा के बड़े भाई से अपनी बहन की शादी की थी. इस नाते सुबल साहा अपने भैया की ससुराल आता जाता रहता था लेकिन बाद में सुबल साहा, नवगोपाल की छोटी बेटी से शादी करने की जिद पर अड़ गया. लेकिन नवगोपाल नहीं चाहते थे कि जिस घर में उन्होंने अपनी बहन की शादी की है उसी के भाई से वह अपनी छोटी बेटी की भी शादी करें. लेकिन परिस्थितिवश यह शादी हो गई. इसी रिश्ते से मृतक नवगोपाल अपने छोटे दामाद से नाराज रहता था.


