Saturday, March 28, 2026

दुमका में बंद घर से लाखों की चोरी हुई है. परिवार के लोग श्राद्ध कर्म में शहर से बाहर गए थे.

Share

दुमका: झारखंड की उपराजधानी दुमका में चोरी की बड़ी वारदात हुई है. चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए ढाई लाख रुपये के जेवर नगदी पर हाथ साफ कर दिया है. घटना दुमका नगर थाना क्षेत्र के कब्रिस्तान रोड स्थित केवटपाड़ा में हुई है.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 मई की शाम मामूली विवाद में छोटू नामक शख्स ने पड़ोस की 55 साल की महिला विमला सिंह की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी थी. परिवार के सभी लोग मृत महिला के श्राद्ध कर्म के लिए पैतृक गांव देवघर के सारवां गए थे. इसी बीच चोरों ने फायदा उठाकर घर में चोरी की है.

आज बेटी लौटी तो चोरी की हुई जानकारी

सोमवार की दोपहर एक बजे मृतका की बेटी जब घर वापसी आई तो घर के दरवाजे का ताला टूटा देखकर अवाक रह गई. उसने फौरन मामले की सूचना नगर थाना की पुलिस को दी. जानकारी मिलने के बाद नगर थाना प्रभारी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन की. मृतका के भतीजे नितेश सिंह ने पुलिस को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है.

चोरों को पहले से पता थी श्राद्ध कर्म की तिथि!

14 मई की शाम को गंदे पानी के विवाद में हजारीबाग के चौपारण थाना में पदास्थापित सहायक अवर निरीक्षक लालचंद्र साह के बेटे फूलचंद्र साह उर्फ छोटू ने विमला सिंह की तलवार से गला काटकर हत्या कर दी थी. पत्नी को बचाने आए शिक्षक मनोज सिंह पर भी हमला किया था. मनोज का इलाज अभी रांची रिम्स में चल रहा है.

मनोज का पैतृक घर देवघर के सारवां में हैं. इसलिए विमला देवी का अंतिम संस्कार भी वहीं हुआ. रविवार को उनका श्राद्धकर्म था. परिवार के सभी लोग इसमें शामिल होने के लिए गए थे. चोरों को इस बात की जानकारी दी थी कि विमला देवी का रविवार को श्राद्ध कर्म है और परिवार के सभी लोग इसमें शामिल होंगे. अनुमान लगाया जा रहा है कि रविवार की रात चोर घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर आए और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे. इसके बाद दो अन्य कमरों का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए.

बेटी जब मां के श्राद्ध कर्म से वापस आई तो मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुई. उसने घर के अंदर जाने वाले दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया. अंदर जाकर देखा तो दो और कमरे की कुंडी टूटी हुई थी और सारा सामान बिखरा हुआ था. ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुए और इसी रास्ते से चोरी कर निकल गए.

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

इस संबंध में दुमका के नगर थाना प्रभारी नंद किशोर प्रसाद ने कहा कि शिक्षक मनोज कुमार सिंह के घर चोरी हुई है. परिवार के सभी लोग मृतका विमला सिंह के श्राद्ध कर्म में गए हुए थे. चोर दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और कीमती सामान लेकर निकल गए. पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन में जुट गई है.

Theft In Dumka

Read more

Local News