नई दिल्ली: दिल्ली के लाजपत नगर-1 इलाके में एक महिला रुचिका (42) और उसके बेटे कृष (14) के शव को उनके घर से बरामद किया गया है. मामले में संदिग्ध घरेलू सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया है. घटना के बारे में डीसीपी साउथ ईस्ट, हेमंत तिवारी ने बताया कि बुधवार रात 9:43 बजे लाजपत नगर-1 से कुलदीप (44) से पीसीआर कॉल मिली थी.
कॉल के दौरान उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और बेटा उनके कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं, दरवाजा बंद है और गेट और सीढ़ियों पर खून के धब्बे हैं. पुलिस मौके पर पहुंची और जबरन गेट खोला गया. एक महिला और उसके बेटे के शव मिले. शवों की पहचान रुचिका सेवानी (42) और कृष सेवानी (14) के रूप में हुई है.
उन्होंने बताया कि, रुचिका सेवानी अपने पति के साथ लाजपत नगर मार्केट में गारमेंट की दुकान चलाती थीं. मुख्य आरोपी मुकेश (24) को फरार होने के दौरान पकड़ लिया गया है. वह गारमेंट शॉप में ड्राइवर/शॉप हेल्पर के तौर पर काम करता है. मामले में आगे की जांच जारी है.


