Friday, March 27, 2026

 दानापुर में घर के निकट युवक को गोली मारकर हत्या, बाइक से धक्का लगने को लेकर हुआ था विवाद

Share

न्यू गोसाई टोला त्रिमूर्तिनगर डीराम डीएवी पब्लिक स्कूल के निकट घात लगाए अपराधी ने घर के निकट बाइक सवार युवक की हत्या कर दी। फायरिंग की आवाज सुनकर घर के बाहर निकले लोगों ने श्रवण को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। लड़के का कुछ दिन पहले बाइक से धक्का लगने पर विवाद हुआ था।

पटना; थाना क्षेत्र के न्यू गोसाई टोला त्रिमूर्तिनगर डीराम डीएवी पब्लिक स्कूल के निकट घात लगाए अपराधी ने शुक्रवार को घर के निकट बाइक सवार श्रवण कुमार (18) की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर अपराधी पैदल निकल गए। फायरिंग की आवाज सुनकर घर के बाहर निकले लोगों ने श्रवण को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। जान बचने की उम्मीद लगाए स्वजन श्रवण को राजाबाजार स्थित पारस अस्पताल पहुंचे, मगर उसकी जान चली गई।

  • वारदात की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक शरत एस आर, एएसपी भानु प्रताप सिंह व थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। मौके से पुलिस ने दो खोखा बरामद किया। उधर, श्रवण की मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
  • इस संबंध में पुलिस ने मृतक के पिता संतोष कुमार के बयान पर मामला दर्ज कर पुलिस कालोनी निवासी विवेक कुमार समेत पांच लोगों को आरोपित किया है। पुलिस मामले की छानबीन में लगी है। दियारा के विशुनपुर के मूल निवासी संतोष कुमार अपने परिवार के साथ थाना क्षेत्र गोलारोड न्यू गोसाई टोला त्रिमूर्तिनगर में रहते हैं।
  • बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे संतोष कुमार के बड़ा पुत्र श्रवण कुमार (18) को घर के पास अपराधी ने गोली मारी। अपराधी ने दो गोली मारी, जो उसे आंख के नीचे व गले में लगी। गोली चलने एवं चिल्लाने की आवाज से निकले आसपास के लोगों ने उसे उठाकर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सक द्वारा मृत बताने पर स्वजन उसे पारस अस्पताल ले गए। पारस में भी डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
  • शुक्रवार को श्रवण अपने दो दोस्त के साथ घर से बाइक पर सवार होकर करीब 11 बजे घर से निकला। श्रवण पीछे बैठा था। युवक घर से आगे बढ़ा ही था कि पास की गली में छिपे अपराधी ने उसे बुलाया। बताया जाता है कि श्रवण और अपराधियों के बीच बहस हुई। इसके बाद बदमाशों ने उसे गोली मार दी। वारदात का अंजाम देकर अपराधी पैदल मौके से फरार हो गए। 

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर अपराधी की पहचान करने में जुटी है। मृतक पूर्व प्रमुख सुनील कुमार का दूर का भतीजा बताया जाता है। दादा बृज नंदन राय ने बताया कि श्रवण बलदेव इंटर स्कूल में इंटर में पढ़ता था, वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। श्रवण के पिता सेटिंग व ठेकेदारी का काम करते हैं।

बताया जाता है कि 27 अप्रेल को श्रवण का पुलिस कालोनी निवासी विवेक कुमार के साथ बाइक से धक्का लगने को लेकर विवाद व मारपीट हुई थी। विवेक की मां पुष्पा देवी ने विशाल व श्रवण के विरूद्ध दानापुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। घटना का कारण उसी विवाद व मारपीट को बताया जा रहा है। 

Read more

Local News