दक्षिण पूर्व रेलवे में विकास कार्यों के कारण रांची और चक्रधरपुर मंडल की कई ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं। हटिया-बर्द्धमान मेमू का परिचालन गोमो-हटिया के बीच रद्द रहेगा, जबकि टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस का मार्ग बदला गया है। रांची-सासाराम एक्सप्रेस विलंब से चली और टाटानगर-हटिया मेमू का टर्मिनल आदित्यपुर कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए बोकारो स्टील सिटी-बर्द्धमान मेमू को कुछ स्टेशनों पर प्रायोगिक ठहराव दिया गया है।
रांची। दक्षिण पूर्व रेलवे के विभिन्न मंडलों में चल रहे विकास कार्य और परिचालन कारणों से रेल सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
इसके चलते रांची रेल मंडल और चक्रधरपुर मंडल से संचालित कई ट्रेनों के परिचालन, रूट, समय और टर्मिनल स्टेशनों में अस्थायी बदलाव किए गए हैं।
कहीं ट्रेनों का आंशिक समापन किया गया है, तो कहीं मार्ग परिवर्तन और समय में देरी से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे ने इन बदलावों की जानकारी यात्रियों को जारी कर दी है।
हटिया वर्द्धमान ट्रेन का परिचालन रहेगा प्रभावित
दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल के अंतर्गत विकास कार्य के लिए रोलिंग ब्लाक लिया जाएगा। अतः रांची रेल मंडल से परिचालित कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। 13503/13504 बर्द्धमान – हटिया – बर्द्धमान मेमू एक्सप्रेस का एक फरवरी तक गोमो स्टेशन पर आंशिक समापन एवं आंशिक प्रारंभ होगा।
इन ट्रेनों का गोमो – हटिया – गोमो के बीच परिचालन रद रहेगा। जबकि 18601 टाटानगर – हटिया एक्सप्रेस 31 जनवरी को अपने निर्धारित मार्ग चांडिल – पुरुलिया – कोटशिला – मूरी के स्थान पर परिवर्तित मार्ग चांडिल – गुंडा बिहार – मुरी होकर चलेगी।
रांची-सासाराम एक्सप्रेस विलंब से
लिंक रेक के विलंब से चलने की वजह से ट्रेन 18635 रांची-सासाराम एक्सप्रेस गुरुवार के प्रस्थान समय में परिवर्तन किया गया। ट्रेन अपने निर्धारित प्रस्थान समय पांच बजे के स्थान पर 21:15 बजे रांची स्टेशन से प्रस्थान किया। ऐसे में यात्रियों को परेशानी हुई।
टाटानगर – हटिया मेमू के टर्मिनल स्टेशन में परिवर्तन
चक्रधरपुर मंडल से परिचालित ट्रेन 68035 टाटानगर – हटिया मेमू के टर्मिनल स्टेशन में परिवर्तन किया गया है।
अब यह ट्रेन पांच फरवरी से टाटानगर स्टेशन के स्थान पर आदित्यपुर स्टेशन से संचालित होगी तथा इस ट्रेन का आदित्यपुर प्रस्थान 4:35 बजे होगा। इसकी सूचना रेलवे ने यात्रियों को दे दी है।
बर्द्धमान मेमू का विभिन्न स्टेशनों पर होगा प्रयोगिक ठहराव
यात्रियों कि सुविधा के लिए ट्रेन 63520 बोकारो स्टील सिटी – बर्द्धमान मेमू पैसेंजर का 31 जनवरी से अगले आदेश तक पुनदाग, बेगुनकोदर एवं झालिदा स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव दिया गया है।
63520 बोकारो स्टील सिटी – बर्द्धमान मेमू पैसेंजर का 31 जनवरी से अगले आदेश तक पुंदाग आगमन 3:46 बजे प्रस्थान 3:47 बजे, बेगुनकोदर 4:07 बजे प्रस्थान 04:08 बजे एवं झालिदा आगमन 04:12 बजे तथा प्रस्थान 04:13 बजे होगा।


