पटना : जिसको लेकर पिछले कुछ दिनों से कयास लगाया जा रहा था उसपर से पर्दा उठ गया है. बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर बातचीत शुरू हो गई है. इसकी जानकारी बिहार में इंडिया गठबंधन के कोऑर्डिनेटर तेजस्वी यादव ने दी.
सीट बंटवारे पर बातचीत : दरअसल, तेजस्वी प्रसाद यादव की अध्यक्षता में आज इंडिया गठबंधन की पांचवी बैठक हुई. तेजस्वी यादव के सरकारी आवास एक पोलो रोड पर कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्यों के साथ लगभग 6 घंटे तक बैठक हुई. आज की बैठक में सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई. तेजस्वी ने कहा, ”सीट शेयरिंग पर बातचीत शुरू है.”
“आज की इंटरनल बैठक में गठबंधन के कार्यक्रमों को लेकर समीक्षा की गई. बिहार की लड़ाई लड़नी है. बिहार को आगे ले जाना है इसी को लेकर आज की बैठक में सभी नेताओं के बीच बातचीत हुई. बैठक में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर भी बातें हुई है.”- तेजस्वी यादव, कोऑर्डिनेटर, महागठबंधन
सीट बंटवारे पर पेंच : इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अभी तक सहमति नहीं बन पाई है. कांग्रेस 2020 विधानसभा चुनाव की तर्ज पर 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर चुकी है. खुद कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग की थी. ईटीवी भारत से खास बातचीत में मुकेश सहनी भी विधानसभा चुनाव में 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग कर चुके हैं इसके अलावा उपमुख्यमंत्री का पद भी मांग रहे हैं. वामपंथी दलों के तीनों घटक दल अभी तक सीटों को लेकर कोई दावेदारी नहीं कर रहे हैं. हालांकि उनकी डिमांड भी हाई मानी जा रही है.
कानून व्यवस्था पर सवाल : बिहार में आए दिन हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिहार में अब कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं रह गई है. बिहार में अब लॉ एंड आर्डर नहीं क्रिमिनल डिसऑर्डर हो गया है. बिहार में आम लोगों को देखने वाला और सुनने वाला कोई नहीं रहा. कोई सुनवाई और कार्रवाई नहीं हो रही है.
”लोग परेशान हैं. बिहार में रोज कहीं ना कहीं गोली चल रही है और लोगों की हत्या हो रही है. प्रशासन के लोग कहीं नजर नहीं आ रहे. लोगों को लग रहा है कि अब यह सरकार जाने वाली है, इसीलिए लूट खसोट में लगी हुई है.”– तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा
‘कॉपी वाली सरकार’ : तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार के द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को लेकर नकल करने का आरोप लगाया. तेजस्वी यादव ने कहा कि हमने लोगों के साथ जो वादा किया था, वह यह नकलची सरकार पीछे से कर रही है. जो तेजस्वी ने वादा किया उसी का नकल कर रही है. लोग समझ गए हैं कि तेजस्वी ने कैसे 5 लाख लोगों को नौकरी दी.
”मेरे पास बिहार के लिए विजन एवं रोड मैप है. आने वाले दिनों में इसे बिहार के लोगों के सामने रखेंगे. मेरा लक्ष्य बिहार को विकसित बिहार बनाना है. इस सरकार के पास विजन नहीं है.”– तेजस्वी यादव, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधानसभा
6 घंटे की बैठक में क्या हुआ ? : VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी ने बताया कि आज की बैठक में महागठबंधन के सभी दल बैठक में थे. महागठबंधन के कोऑर्डिनेशन के लिए जितनी भी कमिटी का गठन किया गया है. सभी कमिटी के साथ बारी-बारी से समीक्षा बैठक की गई. किस तरीके से चुनाव में जाना है, उसके ऊपर भी हम लोगों ने चर्चा किया है.
”आज की बैठक में चुनाव से पहले मतदाता सर्वेक्षण की जो प्रक्रिया चल रही है उसको लेकर चर्चा हुई. बिहार के गरीब लोगों को वोटर लिस्ट से बाहर निकलने का जो षड्यंत्र चुनाव आयोग और सरकार की तरफ से किया जा रहा है. उसमें क्या कर सकते हैं उसको लेकर आज की बैठक में चर्चा हुई.”– मुकेश सहनी, VIP सुप्रीमो
निर्वाचन आयोग पर लापरवाही का आरोप : मुकेश सहनी ने निर्वाचन आयोग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया. कहा कि सबसे दुखद बात है कि जितने भी लोग BLO के पास पेपर जमा कर रहे हैं, उसका रिसीविंग नहीं दिया जा रहा है. ऐसे में कल को कोई साबित नहीं कर पाएगा कि हम लोगों ने पेपर जमा किया कि नहीं किया. चुनाव आयोग प्रतिदिन रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं कर रहा है.


