जोफा आर्चर की के बॉल पर शुभमन गिल गच्चा खा गए. गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के मैच में गिल तेज रफ्तार से चौंक गए.
अहमदाबाद: गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल 2025 का 23वां मैच खेला जा रहा है. इस मैच में राजस्थान के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी तेज गति का शानदार नमूना पेश किया और गुजरात के कप्तान शुभमन गिल को चारों खाने चित कर दिया.
आर्चर की रफ्तार से चारों खाने चित हुए गिल
राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. गुजरात टाइटंस के लिए पारी की शुरुआत करने के लिए शुभमन गिल आए. उन्हें पारी का तीसरा ओवर डालने के लिए जोफ्रा आर्चर आए. उन्होंने गिल को एक तेज रफ्तार बॉल डाली. यह बॉल 147.7 किमी प्रति घंटा की थी. आर्चर की इस तेज रफ्तार लेंथ बॉल पर गिल ड्राइव शॉट लगाने के लिए गए लेकिन बॉल उनके बल्ले और पैड के बीच से निकलकर सीधे स्टंप पर जाकर लगी और स्टंप उड़ाते हुए गिल्लियां बिखेर गई.
इसके साथ ही शुभमन गिल 3 बॉल में 2 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर का शिकार बन गए. इस बॉल की रफ्तार ने गिल के साथ-साथ फैंस को भी हैरान कर दिया. यह वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई है. वीडियो पर फैंस भी लगातार कमेंट कर रहे हैं.
साईं सुदर्शन ने खेली अर्धशतकीय पारी
गुजरात टाइटंस ने मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट गंवाकर 217 रन बनाए. टीम के लिए साईं सुदर्शन ने 32 बॉल में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने इस मैच में 53 बॉल में 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 82 रनों की पारी खेली. सुदर्शन इस मैच के टॉप स्कोरर रहे.
उनके अलावा जोस बटलर और शाहरुख खान ने 36-36 रनों की पारी खेली. राहुल तेवतिया ने 20 रनों की पारी खेली. राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर ने 1 विकेट हासिल किया, जबकि महेश तीक्षणा और तुषार देशपांडे ने 2-2 विकेट हासिल किए.


