रांचीः झारखंड में नए डीजीपी और पूर्व डीजीपी को लेकर चल रहे तमाम कयासों पर विराम लग गया है. गुरुवार की देर रात झारखंड कैडर के 1994 बैच की आईपीएस तदाशा मिश्रा को झारखंड का प्रभारी डीजीपी बनाया गया है.
इससे संबंधित अधिसूचना गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा जारी कर दी गई है. तादाश मिश्रा वर्तमान में झारखंड पुलिस के गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत हैं. शुक्रवार को तदाशा मिश्रा अपना पदभार संभालेंगी
आईपीएस तदाशा मिश्रा झारखंड की पहली महिला डीजीपी बनाई गयी हैं. इस संबंध में झारखंड सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गयी है. हालांकि तदाशा मिश्रा इसी वर्ष 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत हो जाएंगी. इस हिसाब से अगर देखा जाए तो तदाशा मिश्रा का कार्यकाल काफी अल्प समय का होगा.
तदाशा मिश्रा को भले ही झारखंड पुलिस का नया मुखिया बना दिया गया है लेकिन आपको बता दें कि 1992 बैच के आईपीएस प्रशान्त सिंह और 1993 बैच आईपीएस एमएस भाटिया झारखंड में ही पदस्थापित हैं. ऐसे में सवैधानिक संकट भी है. क्योंकि इन दोनों सीनियर अफसरों के होते हुए 1994 बैच की आईपीएस तदाशा मिश्रा को झारखंड पुलिस का नया कप्तान बनाया गया है
अनुराग गुप्ता का आवेदन हुआ स्वीकार
बता दें कि झारखंड डीजीपी अनुराग गुप्ता ने ऐच्छिक सेवानिवृत्ति को लेकर आवेदन दिया था. जिसे झारखंड सरकार के द्वारा स्वीकार कर लिया है. उनके आवेदन की स्वीकृति को लेकर भी गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने सहमति देते हुए अधिसूचना जारी कर दी है.


