Sunday, March 15, 2026

 डायन के शक में पुत्र ने ली माता की जान..

Share

दुमकाः अंधविश्वास में मनुष्य इस कदर पागल हो जाता है कि उसे यह होश नहीं रहता कि वह जो करने जा रहा है और उसका परिणाम क्या होगा. कुछ ऐसा ही मामला दुमका में देखने को मिला है, जब एक पुत्र ने ही डायन-बिसाही के शक में अपनी मां की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

दरअसल, तीन दिन पूर्व दुमका जिला में गोपीकांदर थाना के दीघा गांव में 70 वर्षीय महिला को चाकू मारकर घायल कर दिया गया था. महिला अपनी बेटी के ससुराल में रह रही थी. हैरत की बात यह थी कि उसे चाकू मारने वाला और कोई नहीं बल्कि उसका पुत्र रामजन हेम्ब्रम (उम्र 41 वर्ष) था.

बीती रात फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. मृतका की पुत्री ने अस्पताल में पुलिस को दिये अपने फर्द बयान में साफ तौर पर कहा कि उसका भाई रामजन हेम्ब्रम ने ही मां को चाकू मारा है. पुलिस ने रामजन को उसके गांव मधुबन से उस वक्त गिरफ्तार कर लिया, जब वह घर से भागने की तैयारी में था.

पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके पुत्र रामजन हेम्ब्रम को गिरफ्तार कर जब अनुसंधान की तो मामला चौंकाने वाला निकला. गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने बताया कि पुत्र ने अपनी माता को डायन के शक में चाकू मार दिया था, बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

आज रविवार को मधुबन गांव स्थित उसके घर से उसे गिरफ्तार किया गया. थाना प्रभारी ने घटना की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी रामजन हेम्ब्रम की 18 साल की पुत्री की मौत बीमारी से कुछ माह पहले हो गई थी. जब पुत्री बीमार थी तो उस दौरान वह अक्सर कहती थी कि मेरी इस बीमारी की वजह दादी है, उसने ही कोई जादू टोना किया है. लंबी बीमारी के बाद बेटी की मौत हो गई पर रामजन के मन में अपनी मां के प्रति यह शंका बैठ गया कि उसने ही जादू-टोने से मेरी बेटी की यह हालत कर दी.

इसी गुस्से में वह कई बार अपनी मां पर जानलेवा हमला भी किया था पर वह बच गई. बेटे के इस रूप को देखते हुए पिछले कुछ महीनों से वह अपने मधुबन गांव से अपनी बेटी के ससुराल दीघा गांव जो लगभग 15 किलोमीटर दूर पर स्थित था. वहां जाकर रहने लगी.

घटना वाले दिन यानी तीन दिन पहले रामजन हेम्ब्रम अत्यधिक शराब पीकर घर आया. नशे में फिर से उसके दिमाग में अपनी बेटी की मौत की बात घूमने लगी. वह इसके लिए अपनी मां को जिम्मेदार मानते हुए 15 किलोमीटर दूर अपनी बहन के ससुराल पहुंच गया और वहां मां पर चाकू से हमला कर दिया. घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई.

गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित भगत ने कहा कि मृतका की पुत्री के बयान के आधार पर केस दर्ज करते हुए आरोपी रामजन हेंब्रम को गिरफ्तार को जेल भेज दिया गया है. इसके साथ रही हत्या में इस्तेमाल चाकू और खून से सना कपड़ा भी बरामद किया गया है.

Read more

Local News