मुंबई : कुशीनगर एक्सप्रेस से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. ट्रेन के टॉयलेट में पांच साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया है. शव डस्टबिन में रखा गया था. कुशीनगर एक्सप्रेस लोकमान्य टर्मिनल मुंबई और गोरखपुर के बीच चलती है.
यह घटना उस समय सामने आई, जब ट्रेन अपने गंतव्य तक पहुंचने के बाद यार्ड पहुंच चुकी थी और सफाईकर्मी डिब्बे की सफाई कर रहे थे. लोकमान्य तिलक टर्मिनल पर एसी कोच की सफाई चल रही थी, तभी उनमें से एक ने इस शव को देखा. उस सफाईकर्मी ने तुरंत इसकी जानकारी स्टेशन मैनेजर को दी. मैनेजर ने पुलिस को सारी जानकारी उपलब्ध करा दी.
कुशीनगर एक्सप्रेस के कोच में मिले बच्चे के शव पर मध्य रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल नीला ने मीडिया को बताया, “आज सुबह गोरखपुर से चलकर 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंची. जब सफाई कर्मचारी ट्रेन की सफ़ाई कर रहे थे, तो उन्हें थर्ड एसी के बी2 कोच में एक बच्चा छूटा हुआ मिला. इसके बाद कर्मचारी बच्चे को अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया, बच्चे की उम्र लगभग 3-4 साल है, जीआरपी और राज्य सिविल पुलिस को सूचित कर दिया गया है, आगे की जांच जारी है, हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि बच्चा कहां से ट्रेन में चढ़ा था और बच्चा कहां जा रहा था. क्या उसके साथ कोई और भी था?… सीसीटीवी फुटेज की जाँच की जा रही है… शुरुआत में बच्चे के गले के पास कुछ निशान मिले थे, और बच्चे की हालत खराब लग रही थी.”
मुंबई रेलवे के पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर ने कहा, “यह बहुत ही चौंकाने वाली और दुखद घटना है जहां हमें लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) के पास कुशीनगर एक्सप्रेस के एक कोच के बाथरूम में तीन साल के बच्चे का शव मिला, चार साल का बच्चा अमरोली का रहने वाला है. दो दिन पहले अमरोली में अपहरण का मामला दर्ज किया गया था, शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है, हम आरोपी की तलाश कर रहे हैं, हम गर्दन पर चोट के निशान देख सकते हैं, आरोपी उसका करीबी रिश्तेदार है.”
वैसे मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अब तक जो जानकारी सामने आई है, उसके अनुसार बच्चे की मां ने सूरत शहर (गुजरात) के एक थाने में अपने कजिन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में महिला ने अपने बच्चे के अपहरण की जानकारी दी थी. उसने अपने कजिन विकास शाह (25 वर्षीय) का नाम लिया था. रेलवे और जीआरपी इस घटना की जांच कर रही है. सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके.


