झारखंड से हज पर जाएंगे 1,670 यात्री, 7 फरवरी से शुरू होगी चिकित्सीय जांच
झारखंड से 1,670 हज यात्री इस वर्ष हज पर जाएंगे। इनकी चिकित्सीय जांच 7 फरवरी से शुरू होगी, और 8 फरवरी से टीकाकरण होगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सिविल सर्जनों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने और मुफ्त स्वास्थ्य जांच व टीकाकरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। मंत्री ने रांची से इमिग्रेशन प्वाइंट हटने पर चिंता भी जताई।
रांची। इस वर्ष झारखंड से 1,670 यात्री हज पर जाएंगे। इन हज यात्रियों की चिकित्सीय जांच सात फरवरी तक होगी, जबकि आठ फरवरी से इनका टीकाकरण होगा। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह झारखंड राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष डॉ. इरफान अंसारी ने गुरुवार को सभी जिलों के सिविल सर्जनों के साथ बैठक कर चिकित्सीय जांच व टीकाकरण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हज पर जाने वाले तमाम हाजियों को बेहतर, सुचारु एवं सम्मानजनक सुविधाएं देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि हज यात्रियों को किसी भी स्तर पर किसी प्रकार की परेशानी, अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि चिकित्सीय जांच के दौरान सभी आवश्यक स्वास्थ्य जांच की जाएगी, जिसके बाद ही टीकाकरण एवं वीजा प्रक्रिया शुरू होगी।
इस पूरी प्रक्रिया के समयबद्ध एवं संवेदनशील होने के कारण स्वास्थ्य विभाग के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित हो। उन्होंने विभाग को निर्देश दिया कि सभी सिविल सर्जनों की बैठक शीघ्र आयोजित की जाए तथा स्पष्ट गाइडलाइन जारी की जाए ताकि हज यात्रियों को कोई असुविधा न हो। प्रत्येक जिले में नोडल पदाधिकारी नामित किए जाएं जो चिकित्सीय जांच एवं टीकाकरण प्रक्रिया को संचालित करे।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हज कमेटियों के संसाधनों में कटौती से हाजियों में निराशा है, लेकिन राज्य सरकार हाजियों को हर सुविधाएं प्रदान करेगी। उन्होंने रांची से इमिग्रेशन प्वाइंट हटाकर कोलकाता स्थानांतरित किए जाने पर चिंता जताते हुए बताया कि इस संबंध में हज कमेटी आफ इंडिया से बात हुई है और जल्द ही मुंबई जाकर इस विषय पर ठोस पहल की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि जिस तरह देवघर में बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की जाती है, उसी तरह हज यात्रियों को भी निश्शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। स्वास्थ्य जांच व टीकाकरण भी निश्शुल्क होगा।


