रांची:एक लंबे अंतराल के बाद झारखंड में बिल्कुल निर्धारित समय पर मानसून प्रवेश कर गया है. झारखंड में दक्षिणी-पश्चिमी मानूसन के प्रवेश की घोषणा करते हुए रांची मौसम केंद्र के वरिष्ठ मौसम पूर्वानुमान वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने कहा कि कुछ दिनों से देश के पूर्वी हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां बढ़ी हुई थी. 11 जून को पश्चिम बंगाल और बिहार में मानसून प्रवेश के बाद झारखंड में आज शुक्रवार को मानसून का प्रवेश हो चुका है. उन्होंने बताया कि कब तक यह मानसून पूरे झारखंड को कवर कर लेगा, इस पर हमारे मौसम वैज्ञानिक नजर बनाए हुए हैं.
वरीय मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले दो दिनों में जो कंडीशन बनेंगे उस पर यह निर्भर करेगा कि पूरा राज्य कवर करने में कितना समय लगेगा. उन्होंने बताया कि झारखंड में 10 से 12 जून के बीच मानसून प्रवेश की तिथि निर्धारित है. इस हिसाब से इस बार अपने निर्धारित समय पर मानसून की इंट्री हुई है
कोल्हान में अच्छी और संथाल में हल्की बारिश हुई
मौसम केंद्र,रांची के अनुसार झारखंड में मानसून के प्रवेश के बाद उत्तर पूर्वी भाग में कमजोर असर दिखा है और वहां हल्की बारिश हुई है, जबकि दक्षिणी पूर्वी भाग में अच्छी बारिश हुई है. वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि उनका मौसम केंद्र, राज्य में मानसून की स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

राज्य में पिछले 6 साल के बारिश के आंकड़े MM में
| Year | Normal | Actual | Status |
| 2020 | 1054.7 | 902.4 | Normal |
| 2021 | 1054.7 | 1041.5 | Normal |
| 2022 | 1022.9 | 817.6 | Below normal |
| 2023 | 1022.9 | 751.3 | Below normal |
| 2024 | 1022.9 | 1008.9 | Normal |
| 2025 | 1022.9 | 1198.8 | Normal |
इस वर्ष सामान्य से कम बारिश का है पूर्वानुमान
राज्य में पिछले वर्ष सामान्य मानसूनी बारिश हुई थी, लेकिन इस वर्ष अलनीनो के प्रभाव की वजह से सामान्य से कम बारिश होने की उम्मीद है. अभिषेक आनंद ने बताया कि अलनीनो का असर वैश्विक होता है और भारत पर भी इसका असर पड़ना स्वाभाविक है. अलनीनो डेवलप होने की जानकारी देते हुए वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि तीन-चार साल के एक अंतराल पर राज्य में सामान्य से कम मानसूनी बारिश होती रही है, इसकी कई वजहें भी हैं. उन्होंने बताया कि इस वर्ष राज्य में सामान्य से कम बारिश का पूर्वानुमान है और उस स्थिति की तैयारी हमें पहले से कर के रखना होगा.



