रांची: झारखंड में फरवरी के तीसरे सप्ताह में ही गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम केंद्र द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक, चाईबासा में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.1 डिग्री अधिक है.
अधिकतम तापमान में होने लगा है इजाफा
वहीं जमशेदपुर में भी तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा. राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा. अधिकतम तापमान के मामले में लातेहार में सबसे कम 23.8 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. वहीं बोकारो में अधिकतम तापमान 31.5 और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री, जमशेदपुर में 32.5 और न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री और डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 30.4 और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री रहा है.
न्यूनतम पारा में भी होने लगी बढ़ोतरी
दूसरी ओर, राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला AWS में 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड अभी भी महसूस की जा रही है. हजारीबाग में भी न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री रहा है. पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं की गई है. सभी प्रमुख स्टेशनों पर वर्षा शून्य रही, जिससे मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है.
मौसम केंद्र, रांची के अनुसार, अगले 2-3 दिनों तक झारखंड में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है. सुबह के समय हल्की ठंड, लेकिन दोपहर में तेज धूप और गर्मी महसूस होगी.


