Monday, February 16, 2026

झारखंड में निकाय चुनाव के दौरान शिकायत लेकर बीजेपी और कांग्रेस नेता राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचे.

Share

रांची: झारखंड में नगर निकाय चुनाव भले ही दलीय आधार पर नहीं हो रहा हो पर राज्य निर्वाचन आयोग में एक दूसरे की शिकायत लेकर राजनीतिक दलों का पहुंचना जारी है. सोमवार को भाजपा नेता सुधीर श्रीवास्तव और आरती कुजूर ने आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद को लिखित शिकायत सौंपी. जिसमें कहा गया है कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के मेयर प्रत्याशी बिनोती हांसदा के पति बोरजो राम हंसदा ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भाजपा के झंडा का उपयोग किया है.

  • बीजेपी नेता सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि जिस तरह भाजपा का झंडा का दुरुपयोग किया गया है, उससे आदित्यपुर की मतदाता दुविधा में हो गए हैं. श्रीवास्तव ने कहा कि मेयर प्रत्याशी बिनोती हांसदा को बीजेपी का समर्थन भी नहीं है. वहीं भाजपा नेत्री आरती कुजूर ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है. क्योंकि राज्य में दलीय आधार पर चुनाव नहीं हो रहे हैं. वहीं दूसरी ओर इसके माध्यम से भाजपा को बदनाम करने के लिए जनता को दिगभ्रमित करने की कोशिश की जा रही है.
  • ऐसे में बीजेपी ने आयोग से अविलंब कारवाई की मांग की है. प्रतिनिधिमंडल ने बोरजो हांसदा द्वारा सोशल मीडिया में पोस्ट किए गए वीडियो भी आयोग को सौंपे हैं. राज्य निर्वाचन आयोग ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को इसकी जांच कराकर समुचित कार्रवाई का भरोसा दिया है. गौरतलब है कि राज्य में आगामी 23 फरवरी को शहरी निकाय के चुनाव होने हैं. इसको लेकर सभी प्रत्याशी अपनी ताकत झोंके हुए हैं.
  • वहीं कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अपने आरोप में कहा है कि भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो, जिनका चुनाव चिह्न बिस्किट छाप है, के समर्थन में बाजार में विशेष पैकेजिंग वाले बिस्किट वितरित किए जा रहे हैं. इन पैकेटों पर प्रत्याशी की तस्वीर छपी हुई है. कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि चुनाव अवधि में खाद्य सामग्री के पैकेट पर फोटो लगाकर वितरण करना मतदाताओं को प्रभावित करने का सुनियोजित प्रयास है. जो आदर्श आचार संहिता का खुला उल्लंघन है.

कांग्रेस ने कहा कि गंभीर बात यह है कि पैकेजिंग और वितरण का वीडियो बीजेपी के एक नेता ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में भी साझा किया है. कांग्रेस ने इसे प्रमाण के रूप में आयोग को सौंपते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि यह गतिविधि संगठित और योजनाबद्ध तरीके से की जा रही है. कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव निष्पक्ष और पारदर्शी होना चाहिए. यदि भाजपा से जुड़े लोग खुलेआम पैकेट के माध्यम से प्रचार करेंगे तो यह लोकतांत्रिक मूल्यों के साथ खिलवाड़ है.

Read more

Local News