Thursday, June 4, 2026

झारखंड में दो सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले राजद ने अपने चारों विधायकों के साथ बैठक की है.

Share

रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर होने वाले 2026 के चुनाव को लेकर INDIA गठबंधन में अभी तक उम्मीदवारों और रणनीति पर सस्पेंस बरकरार है. इस बीच राजद ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं.

राजद प्रदेश कार्यालय में बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव, विधायक दल नेता सुरेश पासवान, श्रम एवं उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव और विश्रामपुर विधायक राम नरेश सिंह शामिल हुए. बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा के साथ-साथ पार्टी संगठन को मजबूत करने पर भी मंथन किया गया.

लालू-तेजस्वी के निर्देश पर हुई बैठक

बैठक के बाद राजद नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव के निर्देश पर बुलाई गई थी. प्रदेश अध्यक्ष संजय कुमार सिंह यादव ने कहा कि पार्टी आलाकमान के निर्देशानुसार राज्य भर में संगठन को मजबूत करने का अभियान चलाया जाएगा.

‘INDIA गठबंधन में राजद को साइडलाइन किया जा रहा है’

मीडिया से बातचीत में संजय कुमार सिंह यादव ने अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने कहा, “हम INDIA गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन कांग्रेस और झामुमो ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अब तक हमसे कोई बात नहीं की है. न कोई स्ट्रेटजी बनी है, न ही संपर्क किया गया है.”

अगले महीने से जिलावार दौरा

विधायक दल के नेता सुरेश पासवान ने बताया कि लालू प्रसाद और तेजस्वी यादव के निर्देश पर अगले महीने से सभी चारों विधायक अलग-अलग जिलों का दौरा शुरू करेंगे. उन्होंने कहा, “हम लालू प्रसाद के चेले हैं. आलाकमान जो भी निर्देश देगा, उसे चट्टानी एकजुटता के साथ लागू करेंगे.” राज्यसभा चुनाव को लेकर अभी तक आलाकमान से कोई दिशा-निर्देश नहीं मिला है.

मंत्री संजय प्रसाद यादव का बयान

राम नरेश सिंह के साथ बैठक में शामिल मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि आज की बैठक में जिलावार दौरे की रणनीति तैयार की गई है. उन्होंने भी पुष्टि की कि राज्यसभा चुनाव पर अभी तक राष्ट्रीय नेतृत्व से कोई चर्चा या निर्देश नहीं आया है. उन्होंने जोर देते हुए कहा. जैसा आदेश मिलेगा, अक्षरशः पालन करेंगे.

राजद के इन प्रयासों को देखते हुए आगामी दिनों में राज्यसभा चुनाव को लेकर INDIA गठबंधन के अंदर और गठबंधन बनाम NDA के बीच रणनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है.

Read more

Local News