Friday, May 29, 2026

झारखंड में दो सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनाव को लेकर अंजनी सोरेन के समर्थकों ने उनके लिए टिकट की जोरदार मांग की.

Share

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से रिक्त राज्यसभा सीट पर उनकी इकलौती बेटी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की बहन अंजनी सोरेन मरांडी को भेजने की मांग जोर पकड़ रही है. ओडिशा इकाई के कार्यकर्ताओं ने इस मांग को रांची में जोरदार तरीके से रखा.

  • ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले से बसों के काफिले में झामुमो के नेता, पदाधिकारी और आम कार्यकर्ता रांची पहुंचे. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अंजनी सोरेन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने की लिखित मांग पत्र सौंपा. कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर ‘अंजनी सोरेन जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए.

झारखंड के आम कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ओडिशा झामुमो इकाई के नेताओं का भी यही आग्रह है कि शिबू सोरेन की खाली हुई सीट पर उनकी बेटी को मौका दिया जाए. ओडिशा झामुमो के पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों राज्यों की जनभावना को देखते हुए हेमंत सोरेन अंजनी सोरेन मरांडी को उम्मीदवार बनाएंगे.

अंजनी सोरेन पहले ही जता चुकी इच्छा

इससे पहले अंजनी सोरेन मरांडी ने ईटीवी भारत को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में राज्यसभा जाने की अपनी इच्छा स्पष्ट रूप से जताई थी. अब देखना यह होगा कि पार्टी सुप्रीमो और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए अपनी दीदी को राज्यसभा भेजते हैं या फिर कोई अन्य चेहरा पार्टी की ओर से उम्मीदवार बनता है.

Read more

Local News