Thursday, April 9, 2026

झारखंड में एलपीजी की किल्लत को लेकर विभागीय मंत्री इरफान अंसारी ने समीक्षा बैठक की है.

Share

रांचीः राज्य सरकार ने शादी समारोह, श्राद्ध कर्म, यज्ञ एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए गैस सिलेंडर जिला आपूर्ति पदाधिकारी के आदेश से मुहैया कराने का निर्णय लिया है. इसके तहत आपको आवेदन के साथ विशेष परिस्थिति में गैस सिलेंडर लेने के लिए शादी या श्राद्ध कर्म का आमंत्रण पत्र देना होगा. राज्य सरकार इन मौकों पर अधिकतम तीन सिलेंडर मुहैया कराने का फैसला लिया है.राज्य सरकार ने यह निर्णय गैस सिलेंडर की चल रही किल्लत को देखते हुए लिया है.

दरअसल, एलपीजी किल्लत को लेकर गुरुवार को खाद्य आपूर्ति विभाग की रांची के कडरू स्थित जेएफसी बिल्डिंग में आपात बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता सूबे के खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की. बैठक में गैस सिलेंडर आपूर्तिकर्ता कंपनियों के पदाधिकारियों के अलावा सभी जिलों के आपूर्ति पदाधिकारी मौजूद रहे.

बैकलॉग को लेकर आईओसीएल के पदाधिकारियों को फटकार

गैस सिलेंडर की आपूर्ति की समीक्षा के दौरान मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आईओसीएल के पदाधिकारियों को लंबा बैकलॉग होने के कारण जमकर फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि हर हाल में 10 दिनों के अंदर बैकलॉग खत्म कर लोगों को घर तक गैस सिलेंडर मुहैया कराएं.

गैस सिलेंडर किल्लत को लेकर समीक्षा बैठक के दौरान यह बताया गया कि सबसे ज्यादा बैकलॉग रांची में है, जहां 84 हजार लोग सिलेंडर के लिए प्रतीक्षारत हैं. आंकड़ों पर नजर डालें तो गैस आपूर्ति करनेवाली कंपनी आईओसीएल के पास आज की तारीख में 3,22,063 पेंडिंग बुकिंग हैं. वहीं एचपीसीएल के पास 79513 और बीपीसीएल के पास 42993 बुकिंग पेंडिंग है. बैठक में पेंडिंग बुकिंग पर चिंता जताते हुए हर हाल में 10 दिनों के अंदर लोगों को एलपीजी सिलेंडर मुहैया कराने का निर्देश दिया गया.

सड़क पर सिलेंडर बेचने पर कार्रवाई के निर्देश

इसके अलावा होम डिलीवरी के बजाय सड़क पर सिलेंडर बेचने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. विभागीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यदि सड़क पर सिलेंडर बेचते हुए किसी भी गैस एजेंसी वाले पाए जाते हैं तो जिला आपूर्ति पदाधिकारी को या निर्देश दिया गया है कि उन पर तत्काल कार्रवाई करें और किसी भी सूरत में लोगों को कोई कठिनाई न हो यह सुनिश्चित करें.

एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी पर सरकार गंभीर

मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी रोकने के लिए राज्य सरकार गंभीर है और इसकी शिकायत जहां से भी मिलेगी वहां विभाग के पदाधिकारी टीम के साथ छापेमारी कर कार्रवाई करेंगे. उन्होंने कहा कि सभी जिला आपूर्ति पदाधिकारी को कहा गया है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी होने की कोई सूचना यदि मिलती है तो तुरंत छापेमारी दल के द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को कोई परेशानी ना हो. विभाग ने आम लोगों से भी यह कहा है कि आप टोल फ्री नंबर पर शिकायत करें और विभाग को कालाबाजारी की जानकारी दें.

Read more

Local News