Wednesday, April 1, 2026

झारखंड में 1 से 6 अप्रैल तक मौसम में बदलाव आएगा, आंशिक बादल, मेघ गर्जन, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

Share

झारखंड में 1 से 6 अप्रैल तक मौसम (Jharkhand Weather) में बदलाव आएगा। मौसम विभाग ने आंशिक बादल, मेघ गर्जन, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। बुधवार को उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ओलावृष्टि और तेज हवा का अलर्ट है।

रांची। झारखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान (Jharkhand Weather Forecast) के अनुसार राज्य में 1 अप्रैल से 6 अप्रैल के बीच आंशिक बादल छाए रहने के साथ कई स्थानों पर मेघ गर्जन, तेज हवा और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

बुधवार को राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। वहीं अन्य हिस्सों में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और गरज के साथ बारिश हो सकती है।

1 अप्रैल को उत्तरी और मध्य भागों में गरज-चमक के साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और वज्रपात की संभावना है। हालांकि 2 और 3 अप्रैल को मौसम सामान्य रहने और आसमान साफ रहने के संकेत हैं।

4 अप्रैल को फिर से उत्तर-पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में मौसम सक्रिय होगा, जहां तेज हवा (40-50 किमी/घंटा) के साथ बारिश और वज्रपात हो सकता है। जबकि 5 और 6 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना बनी हुई है।

तापमान में होगी गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिसके बाद अगले 3 दिनों में तापमान में 3-4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।

रांची और आसपास के इलाकों में 31 मार्च और 1 अप्रैल को आंशिक बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। 2 और 3 अप्रैल को मौसम साफ रहेगा, जबकि 4 अप्रैल को फिर से बादल और बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

इस दौरान अधिकतम तापमान 33 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और वज्रपात के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Read more

Local News