रांची: झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद (JCECEB) द्वारा आयोजित झारखंड बीएड प्रवेश परीक्षा 2026 रविवार को राज्यभर के 94 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई. परीक्षा में 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल हुए हैं. राजधानी रांची में सबसे अधिक 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे.
दोपहर 12 बजे तक चलेगी परीक्षा
परीक्षा को लेकर प्रशासन और परीक्षा पर्षद की तैयारियां मुकम्मल दिखीं. बीएड पाठ्यक्रम में नामांकन के लिए आयोजित यह प्रवेश परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई, जो दोपहर 12 बजे तक चलेगी. अभ्यर्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया था. परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड और वैध फोटो पहचान पत्र अनिवार्य किया गया. निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया.
झारखंड में वर्तमान में 136 बीएड कॉलेज संचालित हैं, जिनमें सरकारी और निजी संस्थान शामिल हैं. परीक्षा परिणाम के आधार पर ही इन कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी. पूरे झारखंड में बीएड की करीब 13,600 सीटों पर दाखिले के लिए 45 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं.

रांची के 30 केंद्रों पर परीक्षा
राजधानी रांची में मारवाड़ी कॉलेज, रांची कॉलेज, गोस्सनर कॉलेज, डोरंडा कॉलेज, निर्मला कॉलेज, संत जेवियर्स कॉलेज, योगदा सत्संग महाविद्यालय समेत विभिन्न शिक्षण संस्थानों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. रांची में बनाए गए 30 केंद्रों पर हजारों अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे. परीक्षा के दौरान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है. केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों और उड़नदस्ता दल को भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हो सके.
रांची के अलावा कई जिलों में परीक्षा केंद्र
राज्यभर में रांची के अलावा धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा सहित विभिन्न जिला मुख्यालयों में परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. परीक्षा के सफल संचालन के लिए सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया गया है. सभी केंद्रों पर निगरानी के लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
प्रवेश परीक्षा 100 अंकों की
प्रवेश परीक्षा 100 अंकों की है, जिसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित है. प्रश्नपत्र में हिंदी भाषा से 15, अंग्रेजी भाषा से 15, शिक्षण अभिक्षमता से 40 और तर्कशक्ति से 30 प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा में प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.25 अंक की निगेटिव मार्किंग भी लागू है. परीक्षा का परिणाम बीएड संस्थानों में नामांकन की प्रक्रिया का आधार बनेगा.

झारखंड के लिए 85 प्रतिशत सीटें आरक्षित
झारखंड के विश्वविद्यालयों से स्नातक करने वाले अभ्यर्थियों के लिए 85 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं. जबकि 15 प्रतिशत सीटें ओपन श्रेणी के लिए निर्धारित हैं. सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए स्नातक में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक या स्नातकोत्तर में 55 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं. आरक्षित वर्ग के लिए यह सीमा 45 प्रतिशत निर्धारित की गई है.
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र तथा काला या नीला बॉलपॉइंट पेन लेकर आने का निर्देश दिया गया था. मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं थी. परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं.
सभी केंद्रों पर की जा रही मॉनिटरिंग
रांची एसडीओ कुमार रजत ने बताया कि राजधानी के सभी 30 परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई है. परीक्षा को निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और सभी केंद्रों पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.
परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही अभ्यर्थियों से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है.


