रांची: झारखंड टी-20 क्रिकेट लीग 2026 में शनिवार को खेले गए मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर और स्पष्ट हो गई. जमशेदपुर स्टीलर्स ने धनबाद डायमंड्स को हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि कोयलांचल सुपर किंग्स ने रांची टाइटन्स को करारी शिकस्त देकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया. JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबलों में दर्शकों को रोमांचक खेल देखने को मिला.
दिन के पहले मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट पर 220 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से मो कौनेन कुरैशी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए महज 31 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाए और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए. उन्हें नितिन कुमार पांडे का बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने 21 गेंदों पर 34 रन बनाए. वहीं कुमार देवब्रत ने 31 रन की उपयोगी पारी खेली. धनबाद डायमंड्स की ओर से शमशाद अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे और उन्होंने 2 विकेट हासिल किए, जबकि अतुल सिंह सुरवार और सुशांत मिश्रा को एक-एक सफलता मिली.
पारी समाप्त होने के बाद लगातार बारिश के कारण मुकाबले में बदलाव करना पड़ा और वीजेडी (VJD) मेथड के तहत धनबाद डायमंड्स को 16 ओवर में 185 रन का संशोधित लक्ष्य मिला. हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए डायमंड्स की टीम दबाव में नजर आई और निर्धारित ओवरों में 8 विकेट पर 153 रन ही बना सकी.
धनबाद डायमंड्स टीम की ओर से अतुल सिंह सुरवार ने 21 गेंदों में 43 रन की तेज पारी खेली, जबकि विशेष दत्ता ने 20 रन बनाए. जमशेदपुर स्टीलर्स की ओर से अमन कुमार सिंह 13 रन देकर विकेट, प्रतिक रंजन 17 रन देकर 2 विकेट और अनुराग सिंह सेंगर 20 रन देकर 2 विकेट झटके हैं. जमशेदपुर स्टीलर्स टीम द्वारा बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए टीम को 31 रन से जीत दिलाई.


बारिश ने मैच में डाला खलल

- बारिश के कारण पहला मैच देर शाम तक खिंच गया, जिसके चलते दूसरे मुकाबले को घटाकर 14-14 ओवर का किया गया. जहां कोयलांचल सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में 3 विकेट पर 183 रन का विशाल स्कोर बनाया. जिसमें उत्कर्ष सिंह ने 33 गेंदों में 65 रन की आक्रामक पारी खेली. वहीं रॉबिन मिंज ने शानदार वापसी करते हुए 27 गेंदों में 62 रन बनाए और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने. लक्ष्य ने भी अंत में तेज बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों में नाबाद 26 रन जोड़े. जबकि रांची टाइटंस की ओर से युवराज सिंह ने 3 ओवर में 42 रन देकर 2 विकेट हासिल किए.
- 184 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रांची टाइटंस की टीम शुरुआत से ही दबाव में रही और 12.3 ओवर में 105 रन पर ऑलआउट हो गई. युवराज कुमार ने 11 गेंदों में 18 रन बनाकर टीम की ओर से सर्वाधिक स्कोरर रहा, जबकि शिखर मोहन ने 15 रन का योगदान दिया. कोयलांचल सुपर किंग्स के लिए गुंजन कुमार यादव ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट चटकाए. उनकी शानदार गेंदबाजी की बदौलत सुपर किंग्स ने 78 रन की बड़ी जीत दर्ज की और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली.
21 जून को होगा अंतिम लीग
अब लीग चरण का अंतिम दिन 21 जून को खेला जाएगा. दोपहर 1 बजे छोटानागपुर रॉयल्स का मुकाबला जमशेदपुर स्टीलर्स से होगा. रॉयल्स के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा है, क्योंकि सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए उसे हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी. वहीं शाम 6:30 बजे संथाल स्ट्राइकर्स और धनबाद डायमंड्स आमने-सामने होंगे. स्ट्राइकर्स को टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें बनाए रखने के लिए जीत के साथ-साथ रॉयल्स की हार की भी दरकार होगी. लीग चरण के अंतिम दिन के बाद सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी.


