Saturday, April 19, 2025

झारखंड को बनाएंगे ‘निवेशक केंद्र’! स्पेन-स्वीडन के दौरे पर रवाना होंगे CM सोरेन; जानिए क्या है खास

Share

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 11 अधिकारियों के साथ स्पेन और स्वीडन दौरे पर जाएंगे जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। यह दौरा झारखंड में विदेशी निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से है। अक्षय ऊर्जा खनन हरित औद्योगिक इकाइयों और महिला सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। मुख्यमंत्री 19 अप्रैल को अफसरों के दल के साथ दिल्ली से रवाना होंगे।

 मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 11 अधिकारियों के उच्चस्तरीय दल के साथ स्वीडन और स्पेन के दौरे पर रवाना होंगे। गुरुवार को केंद्र सरकार ने इस बाबत स्वीकृति प्रदान कर दी। यह दौरा राज्य में विदेशी निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए है।

उच्चस्तरीय कमेटी में मुख्य सचिव अलका तिवारी, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, टीएफएसजेटी के अध्यक्ष एके रस्तोगी, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, जेएसएमडीसी के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार सिन्हा, उद्योग निदेशक सुशांत गौरव, जेआईआईडीसीओ वरूण रंजन, संयुक्त निदेशक प्रणव कुमार पाल, मुख्यमंत्री के निजी सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार सिंह आदि शामिल हैं।

19 अप्रैल की सुबह भरेंगे उड़ान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले दिल्ली जाएंगे। मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री और अफसरों का दल 19 अप्रैल की सुबह नई दिल्ली से स्पेन के लिए उड़ान भरेगा। समिति 27 अप्रैल तक वापस स्वदेश लौट आएगी।

दोनों देशों के दौरे के क्रम में दल राज्य में अक्षय उर्जा के क्षेत्र सहित खनन, हरित औद्योगिक इकाइयों, इलेक्ट्रिक वाहनों व उन्नत खाद्य प्रसंस्करण आदि के क्षेत्र के निवेशकों व स्थानीय उद्यमियों संग बैठक करेंगे।

इस क्रम में प्रतिनिधिमंडल इन देशों में चल रहे महिला सशक्तिकरण, जेंडर बजट, महिला उद्यमिता, लिंग समानता, महिला स्वास्थ्य को आगे बढ़ाने की दिशा में भी जानकारी प्राप्त करेगा।

मुख्यमंत्री के दौरे को राज्य मंत्रिपरिषद की पिछली बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई थी। इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अधिकारियों के दल के साथ बंगाल बिजनेस समिट में शामिल हुए थे। उन्होंने कोलकाता में विभिन्न औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों संग बैठक की थी।

Read more

Local News