Thursday, March 19, 2026

झारखंड के कई जिलों में अगले दो दिनों तक हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है.

Share

रांचीः झारखंड में सर्दी का सितम रह रहकर जारी है. कभी लगता है कि सर्दी अब विदाई ले रही है मगर तभी ठंडी हवाओं के चलने से पारा लुढ़कने लगता है. अब दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है. लेकिन शाम के बाद सर्द हवाएं पारे को नीचे आने पर मजबूर कर रहीं हैं. कई जिले हैं जहां का न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम रिकॉर्ड हुआ है. पिछले 24 घंटों में सामान्य की तुलना में अधिकतम पारा में 2 डिग्री तो न्यूनतम पारा में करीब 3 डिग्री तक की कमी आई है.

छह जिलों का न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे

मौसम केंद्र, रांची की ओर से 2 फरवरी को जारी रिपोर्ट के मुताबिक गुमला, खूंटी, बोकारो, हजारीबाग, डाल्टनगंज और सिमडेगा में अच्छी खासी ठंड महसूस की गई है. गुमला में सबसे कम 7.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ है. वहीं, खूंटी में 8.6 डिग्री, बोकारो में 8.8 डिग्री, डाल्टनगंज में 9.1 डिग्री, हजारीबाग में 9.3 डिग्री और सिमडेगा में 9.7 डिग्री तापमान रहा है. प्रमुख शहरों में रांची का न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री और जमशेदपुर का 14.4 डिग्री रहा है. जबकि कोडरमा में 11.0 डिग्री, लातेहार में 12.7 डिग्री, लोहरदगा में 11.5 डिग्री, पाकुड़ में 11.3 डिग्री और सरायकेला में 13.0 डिग्री रहा है.

WEATHER REPORT FOR JHARKHAND

अधिकतम पारा में गिरावट दर्ज

मौसम केंद्र, रांची के मुताबिक झारखंड के अधिकतम पारा में सामान्य की तुलना में 2.0 डिग्री तक की कमी आई है. पिछले 24 घंटों में 29.4 डिग्री के साथ चाईबासा जिला सबसे ज्यादा गर्म रहा है. दूसरे स्थान पर 29.3 डिग्री के साथ सरायकेला जिला रहा है. जमशेदपुर का अधिकतम पारा 28.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है.

इसके अलावा रांची में 25.2 डिग्री, डाल्टनगंज में 27.0 डिग्री, बोकारो में 27.5 डिग्री, सिमडेगा में 27.2 डिग्री, गुमला में 26.3 डिग्री, खूंटी में 25.9 डिग्री, पाकुड़ में 26.4 डिग्री और लोहरदगा में 25.1 डिग्री रहा है. लातेहार, कोडरमा, रांची और हजारीबाग जिला का अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री से नीचे रहा है.

पारा में अभी जारी रहेगा उतार-चढ़ाव

मौसम केंद्र के मुताबिक 2 फरवरी से 4 फरवरी तक सुबह के वक्त कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है. साथ ही इस दौरान आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. हालांकि मौसम शुष्क रहेगा. सोमवार से न्यूनतम पारा में अगले चार दिनों तक 3 से 4 डिग्री तक का इजाफा होने का अनुमान है. इसके बाद अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है. कुल मिलाकर कहें तो पारा में उतार चढ़ाव का दौर अभी जारी रहेगा. लेकिन शाम के बाद सर्दी महसूस होगी.

Read more

Local News