Tuesday, May 26, 2026

झारखंड इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है, कुछ इलाकों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है.

Share

रांची: झारखंड इस वक्त भीषण गर्मी की मार झेल रहा है. राज्य के कई जिलों में सूरज के तेवर इतने तल्ख हैं कि लोगों का दिन में घर से निकलना मुश्किल हो गया है. रांची स्थित मौसम केंद्र की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, कई शहरों का तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया है.

राज्य के 10 जिलों में प्रचंड गर्मी

पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा गर्मी पलामू प्रमंडल में रिकॉर्ड हुई है. डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा है. जमशेदपुर में पारा 41.6 डिग्री, चाईबासा में 42 डिग्री, सरायकेला में 43 डिग्री और बोकारो थर्मल में 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. देवघर में 40.3 डिग्री, गुमला में 40.3 डिग्री, हजारीबाग में 41.1 डिग्री और लोहरदगा में 40.6 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. इस हिसाब से कुल 10 जिलों का अधिकतम पारा 40 डिग्री या उससे ऊपर पहुंच चुका है.

Temperature data released by IMD

रांची में भीषण गर्मी के चलते जीना हुआ मुहाल

राजधानी रांची का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना हुआ है. रांची शहर में गर्मी लगातार बढ़ रही है. कांके में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. वहीं हिंदपीढ़ी में 39.8 डिग्री और एयरपोर्ट इलाके में 39.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है. गर्म हवाओं और तेज धूप ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मंगलवार को रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. आने वाले दो दिनों में दो से तीन डिग्री तापमान में गिरावट की संभावना है.

Weather Forecast Issued by MD

इन इलाकों में हीटवेव की संभावना

झारखंड में 26 मई के मौसम का मिजाज बदला बदला नजर आ सकता है. राज्य के उत्तर पश्चिमी जिलों जैसे गढ़वा, पलामू और चतरा में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की संभावना है. इन इलाकों में दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं.

इन इलाकों में मौसम के करवट लेने के आसार

दूसरी ओर राज्य के कई हिस्सों में मौसम करवट ले सकता है. उत्तर पूर्वी और आसपास के मध्य जिलों धनबाद, बोकारो, गिरिडीह, हजारीबाग और कोडरमा में गरज के साथ तेज हवा चलने और वज्रपात की आशंका है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक चल सकती है.

कुछ क्षेत्रों में मौसम बदलने के संकेत

दक्षिणी और मध्य झारखंड के रांची, खूंटी, गुमला और रामगढ़ में भी मौसम बदलने के संकेत हैं. यहां कुछ जगहों पर तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है.

हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है. पूर्वी सिंहभूम के दरिसाई इलाके में सबसे ज्यादा 19.5 मिलीमीटर बारिश हुई जबकि बहरागोड़ा में 12.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, लेकिन इसके बावजूद राज्य के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी का प्रकोप जारी है.

Read more

Local News