
दुमकाः झारखंड की उपराजधानी दुमका में झामुमो अपना स्थापना दिवस मना रहा है. इसको लेकर झामुमो का पूरा कुनबा दुमका में मौजूद है. रविवार को सीएम हेमंत सोरेन व पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष दुमका पहुंचे.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी पार्टी का झंडा फहराकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के 46वें स्थापना दिवस समारोह का विधिवत उद्घाटन किया. झामुमो यह कार्यक्रम झारखंड दिवस समारोह के तौर पर आयोजित कर रहा है. यह कार्यक्रम देर तक तक चलेगा. इस समारोह में झामुमो कोटे के मंत्री, सांसद, विधायक समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद हैं. संभावना यह है कि सीएम देर रात लोगों को संबोधित करेंगे.
मंत्री, सांसद, विधायक हैं मौजूद
दुमका के गांधी मैदान में झारखंड दिवस समारोह काफी धूमधाम के साथ आयोजित किया गया है. इस मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मौजूद हैं. साथ ही राज्य के मंत्री सुदिव्य सोनू, हफीजुल हसन, दुमका सांसद नलिन सोरेन, राजमहल सांसद विजय हांसदा, राज्यसभा सांसद महुआ मांझी, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मथुरा महतो, विधायक स्टीफन मरांडी, विधायक हेमलाल मुर्मू, विधायक आलोक कुमार सोरेन, विधायक लुईस मरांडी, विधायक उदय शंकर सिंह मौजूद हैं.

इसके साथ ही पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य, प्रवक्ता विनोद पांडे, प्रवक्ता मनोज पांडे समेत पार्टी के केंद्रीय और जिलास्तर के पदाधिकारी मौजूद हैं. इसके अलावा झामुमो के कार्यकर्ता और समर्थक भारी संख्या में दुमका गांधी मैदान में मौजूद हैं.
चार्टर प्लेन से दुमका पहुंचे सीएम
इससे पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन झामुमो के स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए चार्टर प्लेन से दुमका पहुंचे. उनके साथ पत्नी सह गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी साथ में दुमका आईं. हवाईअड्डा पर उनका भव्य स्वागत किया गया, साथ ही प्रशासन की ओर से सीएम को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री सीधे अपने खिजुरिया गांव स्थित आवास पर पहुंचे. जहां विश्राम के बाद गांधी मैदान पहुंचे और कार्यक्रम की शुरुआत की.


