Sunday, August 16, 2026

जूनियर महिला हॉकी में बिहार का शानदार आगाज, गोवा के खिलाफ दर्ज की 6-0 की बड़ी जीत.

Share

पटना: पुणे में चल रही 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में बिहार की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए गोवा को 6-0 से हरा दिया। शनिवार को खेले गए मुकाबले में बिहार की खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और मुकाबले पर अपनी पकड़ कायम रखी।

इस प्रतियोगिता में बिहार के अलावा कर्नाटक और मिजोरम की टीमों ने भी अपने-अपने मुकाबलों में जीत हासिल की।

राजगीर में ट्रायल के बाद चुनी गई टीम

राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए बिहार की टीम का चयन राजगीर खेल अकादमी में आयोजित चयन प्रक्रिया के जरिए किया गया था। टीम को राष्ट्रीय स्तर के कोच गविन फेरेरा का मार्गदर्शन मिला है।

बिहार की टीम में गोलकीपर निशु और नीलू के अलावा शारदा, संध्या, खुशी कुमारी, काजल कच्छप, आकांशा यादव, नाजिया खातून, संजना भारती, अंजलि, सिद्धि, रिशु, मोनिका मुर्मू, ज्योति, अनु, कप्तान सपना सिंह, लक्ष्मी और पुष्पांजलि शामिल हैं।

अन्य मुकाबलों में भी दिखा रोमांच

चैंपियनशिप के डिवीजन ‘बी’ के पूल बी मुकाबले में कर्नाटक ने उत्तराखंड को 6-1 से मात दी। इसी वर्ग के पूल ए में मिजोरम ने केरल को 2-0 से हराया। असम ने भी पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए आंध्र प्रदेश के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज की।

डिवीजन ‘सी’ के पूल बी में गुजरात ने पुडुचेरी को 3-1 से शिकस्त दी। वहीं, दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव ने हॉकी अरुणाचल को 2-0 से हराया।

राजस्थान और जम्मू-कश्मीर को उनके मुकाबलों में प्रतिद्वंद्वी टीमों के मैदान पर नहीं उतरने के कारण जीत मिली। राजस्थान का मैच त्रिपुरा ओलंपिक एसोसिएशन के खिलाफ और जम्मू-कश्मीर का मुकाबला तेलंगाना के खिलाफ निर्धारित था।

बिहार की इस जीत से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और प्रतियोगिता में आगे के मुकाबलों को लेकर खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Read more

Local News