साल 2026 का छठा महीना जून आने में अब बस 6 दिन बचे हैं और यह महीना एंटरटेनमेंट के लिहाज से बड़ा ही धमाकेदार होने वाला है. जून का महीना बॉलीवुड के नाम रहेगा, क्योंकि इसमें वेलकम 3 से लेकर है जवानी तो इश्क होना है जैसी मजेदार फिल्में शामिल हैं. वहीं, साउथ सिनेमा से आरआरआर स्टार राम चरण स्टारर फिल्म पेड्डी रिलीज होगी. तो चलिए डालते हैं एक नजर जून में रिलीज होने वाली हिंदी और साउथ फिल्मों पर.
बंदर – 5 जून
बॉबी देओल स्टारर फिल्म बंदर का निर्देशन अनुराग कश्यप ने किया है. फिल्म की कहानी समीर मेहरा पर बेस्ड है, जो कि एक रॉकस्टार है. इस रोल को बॉबी देओल प्ले कर रहे हैं. कहानी उस वक्त मोड़ बदल लेती है, जब समीरा मेहरा पर उनके ही साथ काम करने वाली एक लड़की उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगा देती है. बॉबी देओल के अलावा फिल्म में सान्या मल्होत्रा, राज बी शेट्टी, सपना पब्बी, सबा आजाद, रिद्धि सेन, जितेंद्र जोशी, इंद्रजीत सुकुमारन और नागेश भोंसले भी हैं. फिल्म की कहानी सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी ने लिखी है.
है जवानी तो इश्क होना है
वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े स्टारर रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है जवानी तो इश्क होना है भी जून में रिलीज होने के लिए तैयार है. इस फिल्म को वरुण धवन के पिता डेविड धवन ने ही डायरेक्ट किया है. फिल्म का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसने दर्शकों को बहुत ज्यादा एंटरटेन किया है. फिल्म आगामी 5 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है.
मैं वापस आऊंगा
स्टार पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए तैयार हैं. चमकीला के बाद वह बेहतरीन डायरेक्टर इम्तियाज अली की फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ में बतौर लीड स्टार नजर आने वाले हैं. इससे पहले यह जोड़ी फिल्म चमकीला के लिए साथ आई थी. फिल्म मैं वापस आऊंगा भारत-पाक बंटवारे के बैकग्राउंड पर बेस्ड है. फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म में ए.आर. रहमान का संगीत है. फिल्म में शरवरी वाघ, वेदांग रैना और नसीरुद्दीन शाह भी मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं.
गवर्नर: द साइलेंट सेवियर
विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘गवर्नर: द साइलेंट सेवियर’ अपनी घोषणा के बाद से ही चर्चा में बनी हुई है. मनोज बाजपेयी के जन्मदिन के मौके पर एक दिलचस्प पोस्टर के साथ फिल्म के टाइटल का खुलासा किया गया था. फिल्म की कहानी 1990 के दशक में हुए खाड़ी युद्ध पर बेस्ड है, जिसके कारण भारत को अब तक के सबसे बड़े आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा था. फिल्म में एक्टर भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर की भूमिका निभाते दिखेंगे. चिन्मय मंडलेकर ने फिल्म का निर्देशन किया है.
भारत भाग्य विधाता –
कंगना रनौत स्टारर फिल्म भारत भाग्य विधाता एक पॉलिटिकल ड्रामा फिल्म है, जो सच्ची घटनाओं से प्रेरित है. फिल्म की कहानी मुंबई के कामा अस्पताल में हुई एक आतंकवादी की है. यह फिल्म अस्पताल के कर्मचारियों, नर्सों, वार्ड बॉय, सफाईकर्मियों, लिफ्ट ऑपरेटरों, सुरक्षाकर्मियों और प्रशासनिक कर्मचारियों सहित अस्पताल के हर स्तर के लोगों की असाधारण सच्ची कहानी बयां करेगी, जिन्होंने सशस्त्र हिंसा के सामने डटकर सामना किया था. मनोज तापड़िया ने फिल्म को लिखा है और फिल्म का निर्देशन भी. फिल्म में गिरिजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बर्दे, आशा शेलार, सुहिता थाट्टे, रसिका अघासे, आदित्य मिश्रा और जाहिद खान अहम रोल में नजर आने वाले हैं.
कॉकटेल 2
शाहिद कपूर एक बार फिर अपने रोमांटिक अंदाज में लौट रहे हैं. अपनी पिछली फिल्म ओ’ रोमियो से कमाल करने के बाद शाहिद कपूर अब कॉकटेल 2 में दो हसीनाओं ( कृति सेनन और रश्मिका मंदाना) संग इश्क लड़ाते नजर आएंगे. हाल ही में फिल्म के पोस्टर और सॉन्ग रिलीज हुए हैं, जिसमें शाहिद कपूर की रश्मिका और कृति सेनन संग जोड़ी खूब जंच रही है. कॉकटेल 2 एक हिंदी रोमांटिक ड्रामा फिल्म है, जिसे होमी अदजानिया ने डायरेक्ट किया है. फिल्म 19 जून को रिलीज होगी. फिलहाल दर्शकों को फिल्म के ट्रेलर का इंतजार है.
वेलकम टू द जंगल
अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, संजय दत्त समेत 25 से जादा स्टार से सजी हुई कॉमेडी ड्रामा फिल्म वेलकम 3 भी जून में रिलीज होगी. लंबे अरसे से अटकी फिल्म 26 जून को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है. इस फिल्म का निर्देशन अनीस बज्मी ने किया है. अक्षय की कॉमेडी के फैंस इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. हाल ही में फिल्म का टीजर रिलीज हुआ है, जिसने दर्शकों की बेचैनी को बड़ा दिया है. वहीं, आज 25 मई को रिलीज हुई भोजपुरी तड़के वाले सॉन्ग घिस-घिस-घिस ने धमाका मचा दिया है. गाने में अक्षय कुमार और अक्षरा सिंह ने खूब मस्ती की है.
पेड्डी
बुची बाबू सना द्वारा लिखित और निर्देशित ‘पेड्डी’ में राम चरण टाइटल रोल में हैं, उनके साथ शिव राजकुमार, जाह्नवी कपूर, दिव्येंदु शर्मा और जगपति बाबू अहम किरदारों में नजर आएंगे. वेंकट सतीश किलारु द्वारा उनके बैनर वृद्धि सिनेमा के तहत और मशहूर प्रोडक्शन हाउस मैत्री मूवी मेकर्स के सहयोग से बनी यह फिल्म इसी साल रिलीज होने वाली है. पहले यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होनी थी और अब मेकर्स ने इसको जून में रिलीज करने का प्लान बनाया है. पेड्डी आगामी 4 जून को रिलीज होने जा रही है. फिल्म का ट्रेलर पहले ही धमाका कर चुका है.


