भारतीय टीम टीम का अगला सुपर 8 मुकाबला 26 फरवरी को जिम्बाब्वे के खिलाफ है. ये मैच दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए करो या मरो जैसा है. मैच में भारत अपनी प्लेइंग-11 में दो बड़े बदलाव कर सकता है. टीम में फिनिशिंग की भूमिका निभाने वाले रिंकू सिंह अचानक घर लौट गए है. बताया जा रहा है कि उनके के पिता की हालत बहुत ज्यादा खराब है और वो वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिंकू सिंह के पिता लिवर कैंसर से जूझ रहे हैं, उनकी हालत ज्यादा खराब होने की वजह से मंगलवार को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं. जिसकी वजह से रिंकू सिंह अपने पिता को देखने के लिए घर चले गए और अब उनके जिम्बाब्वे के खिलाफ अगले गेम में खेलने की संभावना बहुत ही कम है.

रिंकू की जगह सैमसन
इसलिए अब उनकी जगह जिम्बाब्वे के खिलाफ संजू सैमसन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. सैमसन ने अब तक इस वर्ल्ड कप में एक ही मैच खेले है. जब अभिषेक पेट में इंफेक्शन की वजह से बाहर बैठे थे. वहीं रिंकू इस वर्ल्ड कप में अब तक सभी मैचों में टीम का हिस्सा रहे हैं, लेकिन उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी नहीं निकल सकी है. वे 5 मैचों में कुल 24 रन बनाए हैं.
अक्षर की होगी वापसी
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में टीम इंडिया दूसरे बड़े बदलाव में लेफ्ट-आर्म स्पिनर अक्षर पटेल को प्लेइंग-11 में शामिल करेगी, जिन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में बाहर रखा गया था, और टीम मैनेजमेंट ने उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर को तरजीह दी थी.
जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग-11
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.
भारत को दोनों सुपर 8 मैच जीतने होंगे
सुपर 8 के अपने पहले मैच में भारत को साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. प्रोटियाज के 187 रनों के जवाब में भारतीय टीम 111 रन पर आउट हो गई थी. जिसकी वजह से डिफेंडिंग चैंपियन इंडिया को अब सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने की अपनी उम्मीदें बनाए रखने के लिए सुपर 8 में अपने बाकी दोनों मैच जीतने होंगे.


