Thursday, May 14, 2026

जमशेदपुर में प्रधानमंत्री की अपील का उल्टा असर हुआ है, पंपों पर अफरा-तफरी मच गई है.

Share

जमशेदपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विश्व बाजार के हालात को देखते हुए पेट्रोल की खपत कम करने और सोना न खरीदने की अपील के बाद जमशेदपुर के पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ बढ़ गई है. लोग भविष्य में ईंधन की कमी की आशंका में पहले से ज्यादा पेट्रोल-डीजल भरवा रहे हैं, जिससे कई पंपों पर स्टॉक खत्म हो गया और उन्हें अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा.

पेट्रोल पंपों पर लंबी-लंबी कतारें

शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों पर इन दिनों सुबह से शाम तक लंबी कतारें लग रही हैं. वाहन चालकों को पेट्रोल भरवाने के लिए आधे घंटे से लेकर एक घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है. सामान्य दिनों की तुलना में ग्राहकों की संख्या कई गुना बढ़ गई है. कई वाहन चालकों ने बताया कि प्रधानमंत्री की अपील सुनकर उन्हें लगा कि भविष्य में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता प्रभावित हो सकती है. इसलिए वे टैंक फुल करा रहे हैं. एक चालक ने कहा, “बिना वाहन के काम कैसे चलेगा? पहले ही स्टॉक कर लेना ठीक है.”

अफवाहों ने बढ़ाई समस्या

पेट्रोल पंप प्रबंधन का कहना है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन “पेट्रोल नहीं मिलेगा” वाली अफवाहों ने माहौल बना दिया है. पंप मैनेजर ने बताया, “स्टॉक पर्याप्त है, लेकिन लोग जरूरत से ज्यादा ईंधन खरीद रहे हैं. इससे अचानक मांग बढ़ गई और कुछ पंपों पर स्टॉक खत्म होने से उन्हें बंद करना पड़ा. अफवाहों से बचने की जरूरत है.”

प्रधानमंत्री की अपील का उल्टा असर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में विश्व बाजार की स्थिति को देखते हुए देशवासियों से पेट्रोल की खपत कम करने और सोना न खरीदने की अपील की थी. लेकिन जमीनी स्तर पर इसका असर बिल्कुल उलटा देखने को मिल रहा है. अपील के तुरंत बाद पेट्रोल पंपों पर होर्डिंग (स्टॉकिंग) शुरू हो गई, जिससे सामान्य आपूर्ति व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है.

प्रशासन व पंप संचालकों का आग्रह

पेट्रोल पंप प्रबंधन ने अपील की है कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल जरूरत के अनुसार ही ईंधन भरवाएं. उन्होंने आश्वासन दिया कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और नियमित आपूर्ति जारी है. अभी तक शहर में पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता सामान्य बनी हुई है, लेकिन अनावश्यक स्टॉकिंग से बेवजह भीड़ और परेशानी बढ़ रही है.

Read more

Local News