Monday, April 6, 2026

जनसेतु पोर्टल लातेहार के ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है…

Share

लातेहारः अक्सर यह देखा जाता है कि सरकारी कार्यों से जुड़ी समस्या के समाधान के लिए लोग परेशान हो जाते हैं. ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को यह पता ही नहीं चल पाता है कि आखिर वह अपनी समस्या के समाधान के लिए कहां जाएं और किस पदाधिकारी या कर्मचारी से मिले. लोगों को इस मुश्किल से बचाने के लिए लातेहार जिला प्रशासन ने एक अनोखी पहल की है. लातेहार में जनसेतु ऐप लॉन्च होने के बाद अब लोग व्हाट्सएप के माध्यम से अपनी शिकायतें रजिस्टर्ड करा रहे हैं. निबंध शिकायतों पर सेवा के अधिकार के तहत कार्रवाई की जा रही है.

दरअसल, लातेहार झारखंड का एक पिछड़ा जिला है. लोगों को अक्सर समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाते देखा जाता है. हालांकि ग्रामीणों की समस्या को सुनने के लिए लातेहार जिला प्रशासन के द्वारा पिछले 13 वर्षों से सप्ताह में 2 दिन प्रत्येक शुक्रवार और मंगलवार को जनता दरबार भी लगाया जाता है, लेकिन जनता दरबार में अपनी समस्या को लेकर जिला मुख्यालय आने में ग्रामीणों को परेशानी होती है.

प्रशासन की पहल से ग्रामीणों को मिली राहत

लोगों को इस समस्या से बचाने के लिए लातेहार डीसी उत्कर्ष गुप्ता ने एक बेहतर पहल करते हुए ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने का एक प्लेटफॉर्म ग्रामीणों को उपलब्ध करा दिया है. जनसेतु ऐप के माध्यम से लोग अब ऑनलाइन ही अपनी शिकायतों को जिला प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं. लोगों को कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है. प्रशासन की पहल से ग्रामीणों को राहत मिली है.

कार्रवाई की पल-पल मिलती है सूचना

जनसेतु पोर्टल की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यदि कोई व्यक्ति जनसेतु के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करता है तो उनकी शिकायत पर क्या-क्या कार्रवाई हो रही है इसकी सूचना उन्हें पल-पल मिलती रहती है. जनसेतु पोर्टल पर लगे बार कोड से व्हाट्सएप नंबर या फिर सीधे बारकोड स्कैन करने के बाद आवेदक के व्हाट्सएप में जोहार का मैसेज आता है. इसके बाद आवेदक इस व्हाट्सएप पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

Jansetu Portal In Latehar

शिकायत दर्ज होते ही आवेदन का स्टेटस साफ दिखाई देने लगता है. इसके बाद आवेदन पर सेवा के अधिकार के अनुसार कार्रवाई आरंभ होती है. आवेदक को पूरी कार्रवाई की जानकारी व्हाट्सएप के माध्यम से मिलती रहती है. निर्धारित समय तक आवेदन पर कार्रवाई पूरी हो जाती है. आवेदक को व्हाट्सएप पर ही सभी प्रकार की जानकारी भी उपलब्ध करा दी जाती है. सारी प्रक्रिया ऑनलाइन ही होती है.

लोगों को मिल रही है राहत

इधर, लातेहार जिला प्रशासन द्वारा जनसेतु आरंभ किए जाने के बाद दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी सुविधा मिल रही है. झामुमो प्रखंड अध्यक्ष आर्सेन तिर्की और स्थानीय ग्रामीण मनोज कुमार दास ने बताया कि जनसेतु के माध्यम से अपनी शिकायतों को प्रशासन तक पहुंचाना काफी आसान हो गया है. पहले आवेदन देने के बाद भी पता नहीं चल पाता था कि उनके आवेदन पर क्या कार्रवाई हो रही है? लेकिन अब जनसेतु से आवेदन पर होने वाली कार्रवाई की पूरी जानकारी भी मिलती रहती है. जनसेतु का एक फायदा यह भी है कि अब ग्रामीणों को अपने शिकायतों को प्रशासन तक पहुंचाने के लिए भटकना नहीं पड़ता है.

Jansetu Portal In Latehar

1800 से अधिक आवेदनों का हो चुका है निष्पादन

इधर, इस संबंध में लातेहार डीसी उत्कर्ष गुप्ता ने बताया कि जब से जनसेतु प्लेटफॉर्म पर ऑनलाइन शिकायतों को रजिस्टर्ड किया जा रहा है, तब से लेकर अब तक लगभग 2600 आवेदन आए हैं. इनमें से 1800 से अधिक आवेदनों का निष्पादन सफलतापूर्वक कर भी दिया गया है. जबकि शेष आवेदनों पर कार्रवाई आरंभ है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि जनसेतु पर अपनी शिकायतों को दर्ज कराएं. उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन लोगों की समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह गंभीर है.

Read more

Local News