लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर भागलपुर में मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने भागलपुर की वस्त्र उद्योग की समृद्ध विरासत पर जोर दिया खासकर भागलपुरी सिल्क का जिसे क्वीन्स ऑफ फैब्रिक्स कहा जाता है। पासवान ने कहा कि इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र का विकास होगा।
पटना। लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर पीएम मित्र योजना के तहत मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए भागलपुर के चयन का अनुरोध किया है। उन्होंने लिखा है कि इससे भागलपुर क्षेत्र का विकास होगा। स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
चिराग ने कहा, भागलपुर वस्त्र उद्योग में भारत की प्राचीन और समृद्ध परंपरा का प्रतिनिधित्व करता है। भागलपुरी सिल्क, जिसे विश्वभर में ’क्वीन्स आफ फेब्रिक्स’ कहा जाता है, सदियों से भारतीय हस्तकला की पहचान रहा है।
ऐतिहासिक साक्ष्यों के अनुसार, भागलपुर का रेशम उत्पादन बौद्ध काल से चलता आ रहा है। यहां के बुनकरों ने अपनी अद्वितीय कारीगरी से देश-विदेश में भागलपुरी सिल्क की पहचान स्थापित की है। जापान, यूरोप, पश्चिमी एशिया सहित अनेक देशों में भागलपुरी उत्पादों की आज भी भारी मांग है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज भी भागलपुर में लगभग 50,000 से अधिक बुनकर परिवार प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से इस उद्योग से जुड़े हुए हैं।
चिराग ने लिखा है कि मेगापार्क के लिए भागलपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों में 1000 एकड़ से अधिक भूमि सुलभ रूप से उपलब्ध कराई जा सकती है। भागलपुर रेल, सड़क और हवाई मार्ग से अच्छी तरह जुड़ा हुआ है, जिससे कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार वस्त्रों के परिवहन में सुविधा होगी।
जंगलराज के दौर में बिहार आते राहुल तो हो सकता था अपहरण : मांझी
दूसरी ओर, हम के संरक्षक एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने शुक्रवार को कहा कि राहुल गांधी जिस सहजता से बिहार का दौरा कर पा रहे हैं वह सुशासन की सरकार का ही नतीजा है। अगर लालू राज में राहुल गांधी बिहार आते तो उनका भी अपहरण हो सकता था। फिर उनकी सकुशल वापसी के लिए सोनिया गांधी को लालू प्रसाद वाले मुख्यमंत्री आवास में अपराधियों के सामने बैठकर डील करनी पड़ती।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को एक बार याद करना चाहिए कि उनके सहयोगी लालू प्रसाद और गांधी परिवार ने 20 साल पहले कैसा बिहार हमारे लिए छोड़ा था। पिछले दो दशक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जिस बिहार का निर्माण किया है उसमें अब दूसरे राज्य के लोग आने से नहीं डरते। राहुल जी, ये नया बिहार है जो भयमुक्त है। यह सुशासन की सरकार की ही देन है कि आप ताबड़तोड़ बिहार का दौरा कर रहे हैं।
मांझी ने कहा कि राहुल गांधी एनडीए और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताइए जो आप बिहार के भयमुक्त वातावरण में आ रहे हैं और सुरक्षित वापस जा रहे हैं।