गोड्डा: जिले में एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी. युवक ने सास-ससुर पर भी हमला किया, जिसमें दोनों घायल हो गए. घटना को अंजाम देने के बाद युवक ने आत्महत्या कर ली. यह घटना पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव की है. मामले की सूचना पाकर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी.
बताया जा रहा है कि पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में शुक्रवार देर शाम आपसी विवाद में राजेंद्र पंडित नामक युवक ने अपने ससुराल में सास-ससुर के सामने अपनी पत्नी रीता की गला रेतकर हत्या कर दी. इस दौरान बीच बचाव करने आए सास-ससुर पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे ससुर रामदेव पंडित और सास बिजली देवी भी गंभीर रूप से घायल हो गए.
हत्या को अंजाम देने के बाद राजेंद्र पंडित अपने घर चले गए. जहां उन्होंने आत्महत्या कर ली. युवक का ससुराल और घर एक ही गांव में था. दोनों की शादी छह साल पहले हुई थी. मामले में महिला के पिता ने बताया कि कोई कारण नहीं था. अचानक उनके दामाद राजेंद्र पंडित घर आए और उनकी बेटी की हत्या कर दी. इस दौरान महिला के माता-पिता पर भी हमला किया गया.
इधर, पोड़ैयाहाट थाना प्रभारी विनय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की हत्या करने के बाद आरोपी ने आत्महत्या कर ली है. हालांकि घटना के पीछे क्या कारण है, फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है. मामले की जांच चल रही है.


