Sunday, February 22, 2026

 गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के उद्घाटन पर कहा कि साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती है।

Share

 गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में बिहार पुलिस सप्ताह 2026 के उद्घाटन पर कहा कि साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए पुलिस विभाग में एक नई साइबर अपराध इकाई का गठन किया गया है, जो प्रभावी साबित होगी।

पटना। राज्य में मौजूदा समय में पुलिस के समक्ष साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती है। इससे निपटने के लिए पुलिस महकमे में एक नई साइबर अपराध इकाई का गठन किया गया है, जो इस पर नकेल कसने में हर तरह से प्रभावी साबित होगा।

इसके सार्थक परिणाम भी जल्द ही देखने को मिलेंगे। ये बातें गृहमंत्री सम्राट चौधरी ने कही। वे पटना स्थित बीएमपी-5 के मिथिलेश स्टेडियम में रविवार को बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के समारोह के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। 

गृहमंत्री ने कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित करने की जिम्मेवारी पुलिसकर्मियों के कंधों पर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार पुलिसिंग को बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने में लगी हुई है।

पुलिसिंग को बेहतर बनाने में एआई का सहयोग भी बड़े स्तर पर लिया जा रहा है। बिहार में जहां भी पुलिस लाइन के निर्माण का कार्य बचा हुआ है, उसे जल्द पूरा किया जाएगा।

मौके पर डीजीपी विनय कुमार ने कहा कि हर मोड़ पर जनसहयोग की जरुरत पुलिसिंग में पड़ती है। ऐसे में लोगो के बीच विश्वास बढ़ाना हमारा उद्देश्य है।

तभी सार्थक पुलिसिंग को अंजाम दिया जा सकता है। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव गृह विभाग अरविंद चौधरी, डीजी कुंदन कृष्णन, एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दाराद समेत अन्य कई प्रमुख पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

पुलिस सप्ताह में होंगे कई कार्यक्रम 

इस वर्ष 22 से 27 फरवरी तक मनाए जा रहे पुलिस सप्ताह के दौरान मुख्यालय समेत सभी जिलों में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इसके तहत पुलिस-पब्लिक संवाद कार्यक्रम, जन जागरूकता कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन एवं विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं मुख्य रूप से शामिल हैं। साथ ही नुक्कड़ नाटक, चित्रकला प्रतियोगिता, मैत्री क्रिकेट या फुटबाल मैच, श्वान दस्ता प्रदर्शन, अश्वारोही दल की प्रस्तुति तथा पुलिस बैंड शो आयोजित किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं में स्थानीय स्कूल-कालेजों की छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित होगी तथा विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। 

Bihar Police

एक नजर में बिहार पुलिस सप्‍ताह 

  • बिहार पुलिस सप्ताह का आयोजन वर्ष 1958 में प्रारंभ किया गया था। वर्ष 2007 से इसे नियमित रूप से मनाया जा रहा है।
  • पुलिस सप्ताह के दौरान स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सभी थाना, ओपी तथा पुलिस प्रतिष्ठानो में स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा। प्रत्येक जिले में पुलिस अधीक्षक के स्तर से तीन सर्वश्रेष्ठ स्वच्छ थाना एवं ओपी को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
  • इसके अलावा नेपाल सीमा से सटे जिलों मे एसएसबी के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम अथवा सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम भी आयोजित होंगे।

Table of contents [hide]

Read more

Local News