श्रीनगर (जम्मू कश्मीर): उत्तरी कश्मीर में मौजूद भारत का सबसे अच्छा स्कीइंग डेस्टिनेशन गुलमर्ग, खेलो इंडिया विंटर गेम्स के छठे एडिशन को होस्ट करने के लिए पूरी तरह तैयार है.
खेलो इंडिया विंटर गेम्स 23 फरवरी से शुरू हो रहा है. अधिकारियों ने कहा कि मुख्य एथलीटों के अलावा, डेलीगेट्स की संख्या 600 तक जा सकती है क्योंकि देश के अलग-अलग राज्यों से टीमों के साथ कोच और टेक्निकल स्टाफ भी आएंगे. तीन दिन के इस गेम्स में अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग और स्नोबोर्डिंग मुख्य इवेंट होंगे.
रिपोर्ट के अनुसार केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया सोमवार को इवेंट का उद्घाटन कर सकते हैं, और उनकी मेजबानी करने के लिए जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा आज रात गुलमर्ग में रुकेंगे, जबकि मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और UT के खेल मंत्री सोमवार को पहुंचेंगे.
खेलो इंडिया विंटर गेम्स के पिछले पांच एडीशन
ये विंटर गेम्स का छटा एडीशन है. पहला एडिशन मार्च 2020 में हुआ था, जिसमें 13 डिसिप्लिन में 1,123 एथलीट ने हिस्सा लिया था. पहले एडिशन में जम्मू और कश्मीर के एथलीट और पार्टिसिपेंट मेडल टैली में सबसे आगे थे. 2021 के दूसरे एडिशन में, 1,208 एथलीट ने हिस्सा लिया था. उस एडिशन में जम्मू कश्मीर ने 18 गोल्ड मेडल जीते थे.
2023 के तीसरे एडिशन में, 1,395 एथलीट ने हिस्सा लिया था, और इस एडिशन में, जम्मू और कश्मीर ने 26 गोल्ड मेडल, 25 सिल्वर और 25 ब्रॉन्ज मेडल जीते थे.
इसके बाद 2024 और 2025 के एडिशन में, हिस्सा लेने वालों की संख्या कम हो गई क्योंकि उन सर्दियों में गुलमर्ग में देर से बर्फबारी शुरू हुई थी. 2024 के एडिशन में, इंडियन आर्मी की टीमों ने 10 गोल्ड, पांच सिल्वर और छह ब्रॉन्ज मेडल जीतकर बड़ी कामयाबी हासिल की. कम बर्फबारी की वजह से 2025 के टाले गए एडिशन में, उन्होंने सात गोल्ड, पांच सिल्वर और छह ब्रॉन्ज मेडल जीते.
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने क्या कहा?
जनवरी में गुलमर्ग के अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, ‘पिछले साल हमें खेलो इंडिया गेम्स तीन बार टालने पड़े थे, क्योंकि समय पर बर्फबारी नहीं हुई थी, लेकिन इस साल चिल्लई कलां में बर्फबारी हुई, और इससे हम गेम्स को बेहतर तरीके से ऑर्गनाइज कर सकते हैं.’
एथलीटों और अधिकारियों की भीड़ को देखते हुए, कश्मीर में ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि एक सख्त वन-वे ट्रैफिक सिस्टम लागू किया जाएगा, जिसके तहत गाड़ियां सरकारी अस्पताल के पास से अंदर जाएंगी और JK TDC हट्स, हिलटॉप, खैबर, गोंडोला, हेलीपैड, फॉरेस्ट गेस्ट हाउस और चिल्ड्रन पार्क से होते हुए गोल्फ क्लब के पास से बाहर निकलेंगी.
जम्मू कश्मीर टूरिज्म को होगा फायदा
इन खेलों की वजह से जम्मू कश्मीर में टूरिस्ट की भीड़ बढ़ जाएगी क्योंकि विजिटर घूमने और तीन दिन के स्नो-शो का मजा लेने के लिए आएंगे. गुलमर्ग की बर्फीली ढलानों पर नए साल और बर्फबारी के दौरान टूरिस्ट की अच्छी भीड़ देखी गई. खेलों ने टूर ऑपरेटरों और होटल मालिकों के बीच ज्यादा उम्मीद जगाई है, जिन्हें अप्रैल 2025 में पहलगाम में टूरिस्ट पर हुए हमले के बाद आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा था.


