गुमला: जिले में एक 11 साल की आदिवासी नाबालिग का अपहरण कर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया. पुलिस ने शनिवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और कार्रवाई करते हुए तीनों को जेल भेज दिया गया. आरोपियों की पहचान रूपेश कुजूर, चेतन कुमार पासवान और संदीप कुमार पासवान के रूप में हुई है. घटना चैनपुर थाना क्षेत्र की है.
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि पीड़िता की बड़ी मां ने बताया कि देवर और देवरानी की मौत के बाद हमलोग ही उसकी बेटी की देखभाल कर रहे हैं. शुक्रवार को उनकी भतीजी परेड देखने गई थी. देर रात तक जब वह घर नहीं पहुंची तो लोगों ने उसकी तलाश शुरू की.
इसी बीच रात करीब नौ बजे भतीजी रोती हुई घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी. पीड़िता ने बताया कि तीन युवकों ने उसे जबरन बाइक में बैठा कर शंख नदी के जंगल की ओर ले गया. जहां तीनों युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर घर पहुंची.
इसके बाद शनिवार को परिजन पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे और तीनों आरोपी युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कराया. जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. जिसमें एसआई अशोक कुमार और पुलिस बल शामिल थे. टीम ने छापेमारी कर अलग-अलग स्थानों से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.


