Friday, April 3, 2026

गिरिडीह में हिंसा के बाद भाजपा नेताओं के तेवर तल्ख हैं.

Share

गिरिडीहः जिले के घोड़थम्भा में होली के जुलूस को रोकने के बाद दो गुटों के बीच हुए पथराव और आगजनी की घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए 22 लोगों को जेल भेज दिया है. अब घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी काफी नाराज हैं. रविवार की रात पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा नेता रघुवर दास घोड़थम्भा पहुंचे. इस दौरान रघुवर अपने पुराने तेवर में नजर आए. उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष से सवाल पूछा कि आखिर यहां बीजेपी क्या कर रही थी.

रघुवर दास ने गिरिडीह एसपी से की बात

इसके बाद रघुवर दास ने गिरिडीह के एसपी को फोन लगाया और कहा कि यह हिंदुस्तान है, पाकिस्तान नहीं हैं. इसलिए निष्पक्ष कार्रवाई कीजिए. काफी देर तक पूर्व मुख्यमंत्री ने एसपी से बात की और कहा कि कार्रवाई निष्पक्ष होनी चाहिए और जो भी दोषी हैं उन्हें ही गिरफ्तार किया जाना चाहिए, ना कि जो निर्दोष हैं उसे जेल भेजा जाना चाहिए.

बताया जाता है कि इस दौरान रघुवर ने भाजपा जिला कमेटी को सीधा संदेश दिया और कहा कि अपने कर्तव्य का निर्वहन करें. उन्होंने कहा कि आम जनों के लिए भाजपा खड़ी रहती है और हमेशा खड़ी रहेगी. रघुवर दास ने जिला अध्यक्ष महादेव दूबे को कई सलाह दिए.

क्या कहते हैं भाजपा जिलाध्यक्ष

वहीं इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दूबे ने कहा कि रघुवर दास हमारे अभिभावक हैं. उन्होंने पूछा कि घटना के बाद से गिरिडीह भाजपा क्या कर रही थी. मैंने सब कुछ विस्तार से बताया. बताया कि घटना के बाद से ही जिला समिति के पदाधिकारी लोगों की मदद करने में जुटे रहे. कुछ घायलों का इलाज करवाया गया. निर्दोष पर कार्रवाई नहीं हो इसे लेकर भी प्रशासन से बात की गई. साथ ही साथ लगातार क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ता डटे रहे. कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने जो निर्देश दिया है उसका पालन किया जा रहा है.

Raghuvar Das In Giridih

Read more

Local News