गिरिडीहः जिले के डुमरी में चोरी का आरोपी महिला को सरेआम शर्मसार किया गया. यहां महिला को पहले पकड़ा गया फिर उसकी पिटाई की गई. इतने से भी मन नहीं भरा तो उसके बाल काटे गए, फिर अर्द्धनग्न किया गया. इसी अर्द्धनग्न अवस्था में महिला को जूते – चप्पल की माला पहनायी गई. इसके बाद पूरे गांव घुमाया गया.
इस दौरान महिला के लिए अपशब्दों का प्रयोग किया गया. महिला का वीडियो बनाते हुए उसे वायरल कर दिया गया. मामला डुमरी थाना इलाका के एक गांव से संबंधित है. इधर घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस रेस हुई. महिला को भीड़ के चंगुल से बचाते हुए उसका इलाज करवाया.
दरअसल उक्त गांव के एक घर में चोरी की बात सामने आने पर वहीं की महिलाओं ने पीड़िता को पकड़ लिया फिर बंधक बनाया गया. इसके बाद पूरी घटना को अंजाम दिया गया. इस बीच स्थानीय मुखिया ने मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रणित पटेल दल बल के साथ पहुंचे और पीड़िता का बचाव करते हुए उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया. इस मामले में पुलिस ने महिला से आवेदन लिया और 9 लोगों को नामजद करते हुए गांव की कुछ महिलाओं को पूछताछ के लिए थाना लाया गया.
पीड़िता के साथ अमानवीय हरकत करने वाले आरोपियों से पूछताछ की गई. दूसरी तरफ उस वीडियो को जब्त करते हुए आरोपियों की पहचान शुरू की गई. जिन आरोपी महिलाओं को थाना लाया गया था, उनमें से दो महिला वीडियो में दिखी जिन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
डुमरी थाना इलाके के एक गांव की महिला के साथ अमानवीय हरकत करने की जानकारी मिलते ही पहले पीड़िता को भीड़ के चंगुल से बचाया गया. इस मामले में पीड़िता के आवेदन पर 9 लोगों को नामजद किया गया. वायरल वीडियो से दो आरोपियों की पहचान करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है.– प्रणित पटेल, थाना प्रभारी, डुमरी


