गिरिडीह: जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के लच्छीबागी में नव विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. घर से महिला की लाश बरामद की गई है. मृत महिला सुमित्रा कोडरमा की रहने वाली थी और बगोदर में उसका ससुराल था. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.
इधर, मायका पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. इस बाबत बगोदर थाना में आवेदन भी दिया गया है. घटना को लेकर घटना को लेकर कोडरमा के डोमचांच अंतर्गत मसनोडीह निवासी मृतका की मां विमला देवी के द्वारा मंगलवार को बगोदर थाना में लिखित आवेदन देकर मामला दर्ज कराया गया है. आवेदन में उल्लेख किया गया है कि दो महीने पूर्व ही वह अपनी बेटी सुमित्रा कुमारी का बगोदर थाना क्षेत्र के अटका अंतर्गत लच्छीबागी निवासी शुभम मेहता के साथ शादी कराई थी. शादी समारोह डोमचांच स्थित शिवशक्ति धाम में संपन्न हुई थी. शादी में सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया गया था.
मृत महिला की मां का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद से ससुराल वालों के द्वारा एक बाइक की मांग की जाने लगी. लेकिन आर्थिक स्थिति खराब रहने के कारण बाइक देने में असमर्थ थी.इसे लेकर ससुराल वालों के द्वारा बेटी के साथ लगातार मारपीट की जाती थी और उसे प्रताड़ित किया जाता था. बेटी सुमित्रा फोन पर बराबर अपनी मां से इस बात की शिकायत किया करती थी. आरोप है कि सुमित्रा के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी गई है. उसके गर्दन पर जख्म के निशान भी मिले हैं. दर्ज प्राथमिकी में पति शुभम कुमार, ससुर पप्पू मेहता, सास मुन्नी देवी के अलावा पार्वती मोसोमात और खुशी कुमारी को आरोपी बनाया गया है.
इधर, पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या का प्रतीत हो रहा है. चूंकि घटना के बाद जब पुलिस पहुंची थी तो ससुराल के लोगों ने बताया था कि सुमित्रा ने आत्महत्या कर ली है. पुलिस की छानबीन में गला पर दबाव बनने के साक्ष्य मिले हैं. ऐसे में पुलिस ने सुमित्रा के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
“प्रथम दृष्टया मामला दहेज हत्या का प्रतीत हो रहा है. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए दो आरोपी मृतका के पति शुभम मेहता और उसकी सास मुन्नी देवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. आगे की जांच जारी है.”– विनय कुमार यादव, थाना प्रभारी, बगोदर


