Friday, April 17, 2026

गिरिडीह में कोयला को मालवाहक पर लादकर बाहर भेजने की तैयारी की गई थी तभी पुलिस पहुंच गई.

Share

गिरिडीह : अवैध तरीके से कोयला का खनन कर फिर उसका एक जगह भंडारण किया गया. इसके बाद मालवाहक में लादकर उसे बिहार भेजने की तैयारी की गई थी, लेकिन इसकी भनक गिरिडीह एसपी डॉक्टर विमल कुमार को लग गई. जिसके बाद मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो की टीम ने छापा मारकर वाहन को पकड़ लिया. पकड़े गए वाहन पर पश्चिम बंगाल का नंबर अंकित है और वाहन कोयला से भरा है. यहां कार्रवाई सीसीएल के बंद पड़े ओपेनकास्ट माइंस के पीछे हथखुट्टा जंगल के समीप की गई है.

बताया जाता है कि बंद पड़े ओपेनकास्ट माइंस के समीप फुसकी बांग्ला से लेकर माइंस के अंदर, माइंस के पीछे सतीघाट की तरफ पांच से छह बड़े खंता का संचालन किया जा रहा है. कई पुराने और शातिर कोयला तस्कर इस कार्य को अंजाम दे रहे हैं. देर शाम से कोयला निकालने का काम किया जाता है जो सुबह तक चलता है. यहां से कोयला निकालने के बाद ज्यादातर बाइक के माध्यम से कोयला को दूसरे स्थान पर ले जाया जाता है.

वहीं आस पास के गांव के कुछेक लोगों के अलावा कोवाड़ मोड़ की तरफ रहने वाले तस्कर के साथ कुछ अन्य लोग मिलकर कोयला को खरीद कर समीप के जंगल में ही डंप कर रहे हैं और फिर यहीं से मालवाहक पर लादकर बिहार भेजने की योजना बनायी थी. लेकिन इससे पहले कार्रवाई हो गई. सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक संजय कुमार और सहायक अवर निरीक्षक सरिता मुर्मू को भेजा गया और वाहन को पकड़ लिया गया. हालांकि अंधेरा और जंगल में माफिया, वाहन के चालक, सहचालक भाग निकले.

पहले भी पकड़ गया है मालवाहक

यहां बता दें कि इससे पहले फरवरी के पहले सप्ताह में भी इसी इलाके से कोयला लदे मालवाहक को पकड़ा गया था. अब फिर से उसी इलाके में वाहन का पकड़ा जाना यह बता रहा है कि अंधेरा और जंगल का फायदा माफिया उठाने में लगातार जुटे हैं. इधर कहा जा रहा है कि गुरुवार की रात हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस की नजर ओपेनकास्ट से लेकर सुंदरटांड तक है. वहीं कबरीबाद माइंस के आसपास के अलावा बुढ़ियाडीह, उदनाबाद के क्षेत्र के तरफ भी पुलिस की नजर टिकी है.

खंतों पर सख्त कार्रवाई होती तो नहीं बढ़ता मन

इधर कहा जा रहा है कि ओपेनकास्ट माइंस का क्षेत्र हो या कबरीबाद का इलाका. भदुआ हो या महुआपथारी सभी इलाके में इलीगल माइंस के संचालन की सूचना पर सीसीएल प्रबंधन और पुलिस डोजरिंग करती है, लेकिन माफिया दूसरे दिन ही खंता को खोल देते हैं. ऐसे में लोग कहते हैं इलीगल माइंस भरने का काम यदि युद्धस्तर पर चलता तो शायद माफियाओं का मनोबल भी टूट जाता.

सभी को किया जा रहा है चिन्हित : थाना प्रभारी

थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि अवैध कोयला को मालवाहक पर लादकर तस्करी के लिए ले जाने की सूचना पर कार्रवाई की गई है. इस मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है. सभी के खिलाफ मुकदमा होगा और गिरफ्तारी भी होगी. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी इस तरह के मामले में मुकदमा किया गया है.

Read more

Local News