Thursday, August 6, 2026

गिरिडीह में आदिवासी महोत्सव की तैयारी तेज, डीडीसी ने विभागों को समय पर काम पूरा करने का दिया निर्देश.

Share

गिरिडीह: जिले में 9 और 10 अगस्त को आयोजित होने वाले आदिवासी महोत्सव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर उप विकास आयुक्त (डीडीसी) स्मृता कुमारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

डीडीसी कार्यालय में हुई बैठक में महोत्सव के सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों की ओर से की जा रही तैयारियों की जानकारी ली गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तय समय सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि आदिवासी महोत्सव का आयोजन गिरिडीह नगर भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान आदिवासी संस्कृति, परंपरा और विरासत को प्रदर्शित करने के लिए कई आकर्षक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

महोत्सव में पारंपरिक नृत्य-संगीत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाट्य प्रस्तुति, पारंपरिक कला और वेशभूषा की प्रदर्शनी के साथ फूड स्टॉल और सेल्फी प्वाइंट भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके माध्यम से जिले की समृद्ध आदिवासी संस्कृति को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

डीडीसी ने नगर निगम के अधिकारियों को शहर में स्थापित आदिवासी महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आसपास के क्षेत्रों की स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रण भेजने को भी कहा गया।

उन्होंने कहा कि आयोजन स्थल को आदिवासी संस्कृति की झलक के अनुरूप सजाया जाएगा, ताकि आने वाले लोगों को परंपरा और विरासत का अनुभव मिल सके।

बैठक के अंत में डीडीसी ने सभी विभागों को अपने-अपने दायित्वों को गंभीरता से पूरा करने और महोत्सव को सफल बनाने के लिए बेहतर तालमेल के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

Read more

Local News