Sunday, April 12, 2026

गिरिडीह कोलियरी क्षेत्र में कोयला के अलावा लोहा के लूटेरों का आतंक बढ़ गया है.

Share

गिरिडीहः अस्तित्व बचाने की जद्दोजहद कर रही सीसीएल गिरिडीह कोलियरी के लिए लोहा और कोयला की लूट पर लगाम लगाना हमेशा से ही मुश्किल भरा रहा है. लोहा की लूट में शामिल अपराधियों ने इस कोलियरी के कोक प्लांट को खोखला कर दिया. आए दिन कोलियरी के अलग अलग यूनिट पर हमला बोला जाता रहा है.

हालांकि सूचना पर स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई भी की है पर लोहा की लूट पर पूरी तरह से रोक नहीं लगायी जा सकी है. अभी भी कोलियरी के कबरीबाद माइंस से लेकर बंद पड़े ओपेनकास्ट माइंस पर लोहा के लूटेरे धावा बोलते हैं. आलम यह है कि नट बोल्ट पर भी अपराधी हाथ साफ कर दे रहे हैं तो बिजली के खम्भे पर भी नजर गड़ाए हुए हैं.

Terror of iron thieves in colliery area of Giridih

रेंच-गोटी टूल बॉक्स पर हाथ साफ

अभी चार दिनों पूर्व अज्ञात अपराधियों ने सीसीएल के कबरीबाद में कार्यरत आउटसोर्सिंग कम्पनी के स्टोर रूम का ताला तोड़ डाला था. यहां रेंच-गोटी टूल बॉक्स, कई मैकेनिकल सामानों पर हाथ साफ कर दिया था. वहीं छह दिनों पहले डंप यार्ड में लगे 9 टावर लाइट की चोरी कर ली थी. इसकी शिकायत मुफ्फसिल थाना पुलिस से की गई है.

Terror of iron thieves in colliery area of Giridih

जब कोयला खदान से निकला था चोरी से अधिक बटखरा

लोहा की चोरी कर रहे अपराधी वर्षों से इस काम को अंजाम देते रहे हैं. दो वर्ष पूर्व (14 जुलाई 2023) को इन अपराधियों द्वारा बनियाडीह गांधीनगर में अवस्थित कांटाघर से 20-20 किलो के बटखरा की चोरी कर ली थी. इन बटखरों को कोयला के अवैध माइंस से बरामद किया गया था. इस मामले में हैरान करने वाली बरामदगी हुई थी. दरअसल थाना में 45 पीस बटखरा के चोरी होने की शिकायत की गई थी लेकिन जब खोजबीन की गई तो पुलिस एवं सीसीएल सुरक्षा विभाग को यह जानकारी मिली कि बटखरा एक माइंस के अंदर छिपाकर रखा गया है. इसके बाद तत्कालीन थानेदार कमलेश पासवान के निर्देश पर अवैध खदान को सर्च किया गया तो यहां से 45 की जगह 95 पीस बटखरा बरामद किया गया था. इस बरामदगी के बाद पुलिस का दिमाग भी चकरा गया था.

संगठित अपराधी करते हैं हमला, विरोध पर पिटाई

यहां बता दें कि सीसीएल में लोहा चोरी या सरेआम लूट करने वाले अपराधी संगठित रहे हैं. इन अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है. यही कारण है कि इनके द्वारा कई दफा कोलियरी के यूनिट पर हमला किया जाता है. कई दफा कर्मियों को पीटा भी जाता है. कुछ माह पूर्व रिंकू नामक गार्ड को भी इन्हीं अपराधियों ने पीट डाला था. हालांकि उस मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की थी.

Terror of iron thieves in colliery area of Giridih

हत्या, मुठभेड़ और हादसा

यहां यह भी बता दें कि लोहा की चोरी और लूट के कारण सीसीएल के इस क्षेत्र में हत्या की घटना घट चुकी हैं. यहां कोक प्लांट से लोहा चोरी में वर्चस्व को लेकर एक युवक को बेरहमी से मार दिया गया था. जबकि 2021 में कोक प्लांट पर धावा बोले अपराधियों के साथ सीसीएल सुरक्षा विभाग की मुठभेड़ भी हुई थी. कई चक्र गोलियां भी चली थी. जबकि 2022 में इसी कोक प्लांट में लोहा की चोरी के दौरान पूरी छत ही गिर गई थी जिसमें तीन लोग दब गए थे एक की मौत हो चुकी थी. इस घटना के बाद कुछ दिनों तक इलाके में शांति थी.

विशेष टीम कर रही है गश्त

इधर लोहा-कोयला चोरी और लगाम लगाने के लिए सीसीएल प्रबंधन को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है. जीएम गिरीश राठौर के निर्देश पर परियोजना पदाधिकारी जीएस मीणा के साथ साथ उप प्रबंधक कार्मिक राजवर्धन कुमार लगातार सुरक्षा गार्ड की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. शाम से ही गार्डों को एक्टिव कर दिया जा रहा है. वहीं पदाधिकारी रात में खुद ही निरीक्षण कर रहे हैं.

एक्टिव है सुरक्षा विभाग: नायक

सीसीएल सुरक्षा विभाग के सहायक अवर निरीक्षक नकुल कुमार नायक कहते हैं कि संगठित अपराधी ही चोरी या लूट करने पहुंचते हैं. कई दफा इन अपराधियों को खदेड़ा जाता है. घटना के बाद प्राथमिकी भी दर्ज की जाती है तो पुलिस भी कार्रवाई करती है.

कबाड़ीवाले के साथ अपराधी भी गए जेल

दूसरी तरफ हाल के दिनों में घटित घटनाओं के लेकर मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो के नेतृत्व में कार्रवाई भी की गई है. थाना प्रभारी बताते हैं कि सीसीएल क्षेत्र से लोहा की चोरी मामले में हाल के महीने में कबाड़ी का काम कर रहे दो लोगों को जेल भेजा गया था. जबकि एक गिरोह के प्रमुख सदस्य बेंगा को भी जेल भेजा गया था. अब इस मामले में कुछ और लोगों को चिन्हित किया गया है जिनकी तलाश की जा रही है.

Read more

Local News