गिरिडीहः जिले के घोड़थम्भा में होली के जुलूस के दौरान हुई हिंसा को लेकर भाजपा के नेता लगातार सरकार और प्रशासन पर निशाना साध रहे हैं. इस कड़ी में सोमवार को क्षेत्र के विधायक सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी घोड़थम्भा पहुंचे. इस दौरान बाबूलाल ने मीडिया से बातचीत में प्रशासन पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि यह घटना पूरी तरह से सुनियोजित थी. घटना को अंजाम देने से पहले पूरी तरह से तैयारी की गई थी. होली के जुलूस पर हमला करने के लिए घरों की छतों पर पत्थर व पेट्रोल बम रखे गए थे.
बाबूलाल ने घटना को सुनियोजित बताया
उन्होंने कहा कि चूंकि इसी रास्ते से हर साल होली का जुलूस निकलता है तो पुलिस को सभी चीजों की जानकारी पहले से थी. बाबूलाल मरांडी का आरोप है कि पुलिस ने जानबूझकर इस घटना को होने दिया. इतना ही नहीं घटना के बाद कार्रवाई पत्थरबाजों पर होनी चाहिए थी, लेकिन पुलिस ने बेगुनाहों को गिरफ्तार कर लिया. पीड़ित पक्ष के लोगों पर कार्रवाई की गई. ऐसा लगता है कि यहां पर होली मनाना ही जुर्म था. बाबूलाल मरांडी ने घोड़थम्भा ओपी के प्रभारी के अलावा सीओ पर सीधी कार्रवाई करने की मांग की है.
सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप
बाबूलाल ने कहा कि सूबे की सरकार और उनके लोग कहते हैं कि कार्रवाई निष्पक्ष हो रही है. उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि यह कैसी निष्पक्ष कार्रवाई है जिसमें पीड़ितों को ही जेल भेज दिया गया है और जो गुनाहगार हैं उनको सेफ कर दिया गया है. उन्होंने सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है.
पीड़ितों से मिले बाबूलाल, निकाली यात्रा
इसके पूर्व बाबूलाल ने घोड़थम्भा के एक निजी स्कूल में स्थानीय लोगों और पीड़ितों से मुलाकात की. स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्हें फंसाया जा रहा है. लोगों से मुलाकात करने के बाद बाबूलाल पैदल ही घोड़थम्भा चौक पहुंचे. यहां उन्होंने लोगों को संबोधित किया.
तो बैठ जाएंगे धरना पर
मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि एक तो प्राथमिकी में बेगुनाहों का नाम डाला गया, फिर बेगुनाहों को गिरफ्तार किया गया. इतना ही नहीं कई बेगुनाहों को बेरहमी से पीटा गया है. उन्होंने कहा कि मामले में यदि बेगुनाहों को रिहा नहीं किया जाता है और मुकदमा से दोष मुक्त नहीं किया जाता है मैं खुद धरना पर बैठूंगा. विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा. इस प्रदर्शन में जिले के सभी गांव से लोग पहुंचेंगे. हम चुप बैठने वाले नहीं हैं.
ये थे मौजूद
इस मौके पर जमुआ विधायक मंजू कुमारी, बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, भाजपा नेता सुरेश साव, चुन्नूकांत, जिलाध्यक्ष महादेव दूबे, अशोक उपाध्याय, कामेश्वर पासवान आदि मौजूद थे.
![]()


