गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने उधना से हसनपुर रोड के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. इससे बिना रिजर्वेशन यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी.
गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेल ने खास कदम उठाया है. अब सूरत के उधना जंक्शन से हसनपुर रोड के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी, जिससे खासकर उत्तर बिहार के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.
कब से कब तक चलेगी ट्रेन
पश्चिम रेलवे की अधिसूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 09031 उधना–हसनपुर रोड अनारक्षित स्पेशल 5 अप्रैल से 28 जून तक हर रविवार को चलेगी. वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 09032 हसनपुर रोड–उधना स्पेशल 6 अप्रैल से 29 जून तक प्रत्येक सोमवार को चलाई जाएगी.
बिना रिजर्वेशन सफर की सुविधा
इस स्पेशल ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें केवल जनरल कोच लगाए जाएंगे. यानी यात्री बिना किसी रिजर्वेशन के सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे. इससे खासकर मजदूर, छात्र और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
समय और रूट की पूरी जानकारी
यह ट्रेन उधना जंक्शन से सुबह 11:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8:00 बजे हसनपुर रोड स्टेशन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन रात 9:45 बजे हसनपुर रोड से खुलेगी और अगले दिन दोपहर 3:00 बजे उधना जंक्शन पहुंचेगी.
इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह स्पेशल ट्रेन रास्ते में दानापुर रेलवे स्टेशन, मुजफ्फरपुर जंक्शन, समस्तीपुर जंक्शन और बक्सर रेलवे स्टेशन सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी. इससे इस पूरे रूट के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा.
स्थानीय लोगों ने किया स्वागत, रखी नई मांग
रेलवे के इस फैसले का स्थानीय यात्रियों ने स्वागत किया है. खासकर समस्तीपुर-खगड़िया रेलखंड के लोगों को इससे राहत मिलेगी, क्योंकि अभी तक इस रूट से सूरत के लिए सीधी ट्रेन नहीं थी. हालांकि यात्रियों ने रुसेरा घाट स्टेशन पर भी ठहराव देने और इस सेवा को नियमित ट्रेन बनाने की मांग की है.


