Bihar News: बिहार में रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की रेल परियोजनाओं को गति देने का अनुरोध किया। इस दौरान गया में विकसित हो रहे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) को रेल नेटवर्क से जोड़ने और गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल बनाने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई।
डोभी-चतरा रेल लाइन से जुड़ सकता है गया का IMC
बैठक में गया के औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर रेल कनेक्टिविटी देने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। जानकारी के मुताबिक, केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि यदि बिहार सरकार जरूरी भूमि अधिग्रहण सुनिश्चित करती है, तो रेलवे डोभी-चतरा रेल लाइन से गयाजी के इंडस्ट्रियल एरिया तक नई संपर्क रेल लाइन बिछाने के लिए तैयार है।
इससे औद्योगिक इकाइयों को कच्चा माल पहुंचाने और तैयार उत्पादों को दूसरे स्थानों तक भेजने में सुविधा मिल सकती है। हालांकि, नई रेल लाइन के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण और आगे की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी होगा।
गंगा पर बनेगा रेल-सह-सड़क पुल
बैठक के दौरान प्रस्तावित विक्रमशिला-कटरिया रेल लाइन के तहत गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल बनाने के प्रस्ताव पर भी सहमति जताई गई। इस परियोजना को क्षेत्र में रेल और सड़क संपर्क बेहतर करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
बिहटा-औरंगाबाद और सुल्तानगंज-कटोरिया परियोजनाओं पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री और रेल मंत्री के बीच बिहार की अन्य रेल परियोजनाओं की प्रगति पर भी बातचीत हुई। इनमें बिहटा-औरंगाबाद और सुल्तानगंज-कटोरिया रेल लाइन परियोजनाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं के काम में तेजी लाने और जरूरी प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
सीतामढ़ी-अयोध्या के बीच वंदे भारत ट्रेन का प्रस्ताव
बैठक में सीतामढ़ी और अयोध्या के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव भी रखा गया। खबर के मुताबिक, केंद्रीय रेल मंत्री ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है। इससे दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रियों को तेज रेल सेवा मिलने की उम्मीद है।
दिवाली और छठ पर बिहार के लिए 15 हजार ट्रेनों की व्यवस्था
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने दिवाली और छठ के दौरान बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का अनुरोध किया। इस पर रेल मंत्री ने बताया कि सामान्य तौर पर संचालित करीब 12 हजार ट्रेनों की तुलना में त्योहारों के लिए लगभग 15 हजार ट्रेनों के संचालन की व्यवस्था की गई है।
गुरु गोविंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर भी चलेंगी अतिरिक्त ट्रेनें
जनवरी 2027 में पटना साहिब में गुरु गोविंद सिंह जी महाराज का 360वां प्रकाश पर्व आयोजित होना है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 9 से 16 जनवरी के बीच बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की बात कही गई है।
इससे देश के अलग-अलग हिस्सों से पटना साहिब आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
