गढ़वा: जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र के चेचरिया में शनिवार की अहले सुबह एक घर और दुकान में भीषण आग लग गई. अगलगी की घटना में नगद सहित लाखों का सामान जलकर खाक हो गया. अगलगी की घटना अहले सुबह 3 बजे की बताई जा रही है. जानकारी मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक सारा सामान जल चुका था.
- इस संबंध में गृह स्वामी विक्की कुमार ने गोतिया पर घर और दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि घर के बाहरी साइड में साइकिल दुकान थी. रवि कुमार दास नामक व्यक्ति साइकिल दुकान चलाता था. अगलगी की घटना में घर के साथ-साथ साइकिल दुकान भी जलकर राख हो गई है
- गृह स्वामी विक्की कुमार के अनुसार घर में रखे 6 लाख रुपये नगद के अलावे एक बाइक, ज्वेलरी, कपड़े सहित अन्य समान पूरी तरह जल गए. विक्की कुमार ने बताया कि गोतिया से जमीन विवाद चल रहा था. उन्होंने गोतिया पर ही आग लगाने का आरोप लगाया है.
जांच में जुटी पुलिस
हालांकि स्थानीय लोगों की माने तो घर में पेट्रोल रखा जाता था और बिक्री की जाती है. जिससे आग ने और विकराल रूप धारण कर लिया. बहरहाल, पुलिस अगलगी की घटना की जांच में जुट गई है.


