Saturday, March 28, 2026

गढ़वा के धुरकी प्रखंड में डायरिया की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत

Share

गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले के धुरकी प्रखंड में डायरिया का कहर देखने को मिल रहा है. यहां डायरिया के प्रकोप से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है. इसके साथ ही कई लोग डायरिया जैसी खतरनाक बीमारी से ग्रसित हैं. स्वास्थ्य विभाग ने डायरिया को नियंत्रित करने के लिए कैंप गांव में लगाया है. कैंप में डायरिया प्रभावित लोगों का इलाज चल रहा है और स्थिति नियंत्रण में है.

  • दरअसल धुरकी में डायरिया के कहर से एक ही परिवार के दो सदस्य की मौत हो चुकी है. इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है. धुरकी प्रखंड मुख्यालय से एक किलोमीटर दूर स्थित कोरवा टोला में पीड़ित कोरवा परिवार के लोग रहते हैं. उसी टोला में रहने वाले अनिल कोरवा के एक बच्चे की डायरिया से मौत हो गई. जब पति पत्नी बच्चे का अंतिम संस्कार कर घर की ओर लौट रहे थे तभी अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई.
  • जिसके बाद आनन फानन में धुरकी उप स्वास्थ्य केंद्र टीम मौके पर पहुंची और इलाज शुरू किया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. इलाज के दौरान अनिल कोरवा की पत्नी की भी मौत हो गई.

डायरिया को लेकर गांव में दहशत

धुरकी प्रखंड में डायरिया से एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से ग्रामीण दहशत में हैं, जबकि कई लोग अभी भी डायरिया से ग्रसित हैं. उनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है. वहीं स्वास्थ्य विभाग, गांव में कैंप लगाकर डायरिया से पीड़ित लोगों का चेकअप कर रहा है.

धुरकी में कोरवा टोला में डायरिया का प्रकोप है, जिसमें दो की मौत हो चुकी है. एक की मौत तो ग्रामीण क्षेत्रों के डॉक्टरों द्वारा इलाज के दौरान हुई थी, जबकि दूसरी मौत अस्पताल में इलाज के दौरान हुई है. गांव में स्वास्थ्य टीम सक्रिय है और स्थिति नियंत्रण में है. आठ लोग डायरिया से ग्रसित थे, जिनकी स्थिति अभी नियंत्रण में है: डॉ. जॉन एफ कैनेडी, सिविल सर्जन

Read more

Local News